सेंध काट कर लाखों का जेवरात उड़ा ले गए चोर
Siddhart-nagar News - भनवापुर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मन्नीजोत गांव में चोरों ने एक मकान में सेंध काटकर लाखों के जेवरात चुरा लिए। घटना का पता रविवार सुबह चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक...

भनवापुर, हिन्दुस्तान संवाद। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मन्नीजोत गांव में चोरों ने शनिवार की रात गांव के दक्षिण खेत में बने एक मकान में सेंध काट कर लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर लिया। घटना की जानकारी मकान मालिक रामकरन को रविवार की सुबह सोकर उठने के बाद हुई। त्रिलोकपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मन्नीजोत गांव निवासी रामकरन ने बताया कि शनिवार की रात परिवार के साथ घर के बाहर और बरामदे में भोजन कर सो गए थे। रविवार की सुबह लगभग छह बजे जब घर के अंदर गए तो घर के अंदर उजाला दिखा जिसको देखकर हम बाहर आए तो देखा कि घर की दीवार में सेंध कटा है। अंदर जाकर देखा तो बॉक्स घर से गायब था। बॉक्स में हमारे पत्नी और बच्चों का जेवरात रखा था। उन्होंने कहा कि घर के पूरब तरफ तीन जगह चोरों ने सेंध काटकर अंदर जाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से दीवार और अन्य सामान रखा होने के कारण अंदर नहीं जा पाए थे। चौथी बार घर के दक्षिण तरफ बड़ा सेंध काटे और उसी रास्ते से हमारे घर के अंदर आए और लाखों रुपये का जेवरात चुरा ले गए। उन्होंने बताया कि बाक्स में रखा कपड़ा घर से लगभग 500 मीटर दूर फेंक कर चले गए। सुबह खोजने पर हम लोगों को बिखरा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी थी। पुलिस मौके पर आई है जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस से सामानों की बरामदगी के साथ-साथ चोरों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष मृत्युंजय पाठक ने बताया कि चोरी के घटना की जानकारी है। मौके पर हल्का दरोगा और फोरेंसिक टीम पहुंच गई है छानबीन की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।