तेजी से बढ़ रहा तापमान गायब हो रही खेतों से नमी
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में मौसम तेजी से बदल रहा है, जिससे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। गेहूं की बालियां सूख रही हैं और फसलों पर भी असर पड़ रहा है। बच्चों में बीमारियों की संख्या बढ़ रही है।...

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। मौसम का मिजाज तेजी से बदलता जा रहा है। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसकी वजह से गेहूं की बालियां सूखती जा रही हैं। मौसम की तल्खी का असर दूसरी फसलों पर भी पड़ने लगा है। यही हाल रहा तो एक पखवारे बाद गेहूं की कटाई शुरू हो जाएगी। कृषि वैज्ञानिकों ने खेतों की नमी बनाए रखने की सलाह दी है।
मार्च के महीने में अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। गर्मी से बचने के लिए लोग पंखे का प्रयोग करने लगे हैं। रात के तापमान में भी इजाफा हो रहा है। न्यूनतम तापमान भी 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया जा रहा है। तापमान के इस बढोत्तरी का सीधा असर फसलों पर भी पड़ने लगा है। सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को अपने फसल को बचाने के लिए हर सप्ताह सिंचाई करनी पड़ रही है। लहसुन, प्याज, पालक, बैगन और टमाटर की खेती करने वाले किसानों को बेहतर उपज के लिए हर सप्ताह सिंचाई करनी पड़ रही है।
बच्चों पर पड़ रहा बदलते मौसम का असर
बदलते मौसम का असर छोटे बच्चों पर भी पड़ने लगा है। मौसम के उतार-चढ़ाव की वजह से बच्चे बीमार हो रहे हैं। इस समय बच्चों को सर्दी, जुकाम, बुखार हो रहा है। थोड़ी सी लापरवाही के चलते बच्चे बीमार पड़ जा रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डा. सोहन गुप्त ने बताया कि बच्चों की तबियत खराब होती है तो फौरी तौर पर विशेषज्ञ चिकित्सक से इलाज कराएं।
‘अधिकतम तापमान में तेजी से बढोत्तरी हो रही है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सिय पर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी 13 डिग्री सेल्सियस पर है। आगामी 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहेगा। हवाएं पश्चिम दिशा से चलेंगी।
अमरनाथ मिश्र
नरेन्द्रदेव कृषि विवि कुमारगंज अयोध्या
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।