हासिम की हत्या का मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में पुलिस ने हासिम की हत्या के मुख्य आरोपी नाजिम खान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। हत्या में प्रयुक्त हथियारों को बरामद किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है और सुरक्षा के लिए...

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। कोतवाली पुलिस ने बुधवार की देर रात बंगला ताल के पास से हासिम की हत्या के मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कार्पियों, हॉकी,बेसबाल बैट,लकड़ी का डंडा बरामद किया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि क्षेत्र के गड़सरपार चौराहे पर मंगलवार को मदरसे के विवाद को लेकर भरपुरवा के रहने वाले 24 वर्षीय हासिम पुत्र अमानउल्लाह खान की हत्या कर दी गई थी। जबकि उसके पिता को हॉकी,डंडे से मारापीटा गया था। पीड़ित पिता अमानउल्लाह खान पुत्र नईम खान की तहरीर पर इस मामले में नाजिम खान,उसके भाई जाकिर खान,मां शाहजहां, इसराइल और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
सूचना के आधाार पर कोतवाल पंकज कुमार पांडेय, एसएसआई राजेश दूबे, एसआई इल्ताफ खान, हेड कांस्टेबल पप्पू सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेद्र कुमार,हेड कांस्टेबल कलीमुद्दीन खां, कांस्टेबल रंजन कुमार ,कांस्टेबल अरूण कुमार,कांस्टेबल विशाल सिंह ने घेरा बंदी करके बंगला ताल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान नाजिम खान निवासी भरपुरवा, सलमान अंसारी निवासी मिया मंझरिया, रामरतन यादव उर्फ भुवर यादव निवासी भैसहिया कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हॉकी,बेसबाल बैट,लकड़ी का डंडा और स्कार्पियों बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इसके साथ ही घटना में शामिल अपने दो अन्य दोस्तों के बारे में जानकारी दी है। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया,जहां कोर्ट ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पकड़ लिए जाएंगे।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने कहा, हत्या के मुख्य आरोपी नाजिम खान समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही शेष आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर भरपुरवा गांव में पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए है।
कब्रिस्तान में दफनाया गया शव
मृतक के बहन और बहनोई समेत अन्य शुभेच्छु मुंबई से गुरुवार को भरपुरवा पहुंचे। उसके बाद माहौल गमगीन हो गया। पीड़ित चचेरे भाई पूर्व प्रधान जाफर अली ने बताया कि गांव के पूरब कब्रिस्तान में हासिम के शव को दफनाया गया। हर कोई आरोपियों की करतूत को कोस रहा है। लोग घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग किए।
सुरक्षा के लिए गांव में तैनात किए गए है पुलिस कर्मी
भरपुरवा गांव के हासिम की हुई हत्या के बाद तनाव की स्थित उत्पन्न हो गई है। सुरक्षा के मद्देनजर चौकी इंचार्ज मगहर मनीष जायसवाल अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ गांव में ही कैंप कर रहे है। वहीं दूसरी तरफ आरोपियों के परिजन घर में ताला बंद करके घर से भाग गए है। वहीं अज्ञात में दर्ज मुकदमें की वजह से आरोपियों के करीबियों में भी भय उत्पन्न हो गया है। आरोपियों के कई करीबी भी घर से पलायन कर गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।