शहर में शमिल होने के तीन वर्ष बाद भी सड़क व जलनिकासी की समस्या
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के बखिरा नगर पंचायत के जसवाल भरवलिया वार्ड के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जल निकासी की गंभीर समस्या, गंदगी और टूटे फटे रास्ते लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। हैण्डपम्प दूषित पानी...

संतकबीरनगर। नगर पंचायत बखिरा के वार्ड नम्बर पांच जसवल भरवलिया के ग्रामीण सड़क व जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। कच्चा मार्ग, गन्दगी से जाम नालियां वार्ड की पहचान बन गई है। वार्ड में जगह-जगह गन्दगी फैली है। नालियां जाम है। जल निकासी की कोई व्यवस्था नही है। गन्दा पानी निजी जमीन में बह रहा है। शुद्ध पेयजल की समस्या है। हैण्डपम्प दूषित पानी दे रहे हैं। गन्दगी व जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। वार्ड की अधिकांश सड़कें बदहाल हैं। नाली का पानी वार्ड में फैला रहता है। जिसके चलते ग्रामीणों को गन्दगी व जलजमाव समेत अन्य परेशानियां झेलनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में जलभराव से यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
बखिरा नगर पंचायत के जसवल भरवलिया के ग्रामीण बदहाल जीवन जी रहे हैं। जिम्मेदार वार्ड के विकास को लेकर लापरवाह बने हैं। हैण्डपम्प का शुद्ध पानी तक मुहैय्या नही है। बरसात में लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मोहल्ले की साफ- सफाई बेहतर तरीके से नहीं की जा रही है। गलियों में गंदगी पसरी हुई है। इसकी वजह से लोगों को दुर्गंध का सामना हर समय करना पड़ रहा है।
हालांकि नगर पंचायत द्वारा इस पर ब्लीचिंग डालकर छिपाने का प्रयास किया जाता है। वार्ड में सड़के खस्ताहाल हो चुकी हैं। कुछ स्थानों पर पगडंडी मार्ग से ही रास्ता है। मोहल्ले से जल निकासी की समस्या पीढ़ी दर पीढ़ी से चली आ रही है। इसे लेकर जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते अभी तक धरातल पर कोई ठोस कार्य होता नही दिख रहा है। बरसात का पानी मोहल्ले से बाहर नही निकल पाता है। पहले की बनी ज्यादातर नालियां टूटी हैं, कूड़ा करकट नाली में पड़ा रहता है। इस वार्ड में शुद्ध पेयजल ग्रामीणों को मयस्सर नही है। इंडिया मार्का हैंडपम्प बदहाल है।
नगर पंचायत के तरफ से वाटर सप्लाई की कोई व्यवस्था नही की गई है। पुरानी नालियों की नियमित सफाई न होने की वजह से गंदगी से पटा रहता है। वार्ड में गंदगी व जलभराव होने की वजह से इस मोहल्ले के नागरिक पल-पल दुश्वारियां को झेलते हैं। टूटी फूटी सड़कों पर आने- जाने से ग्रामीण चुटहिल हो जाते हैं। नगर पंचायत बनने के बाद भी यहां के लोग वार्ड की दुर्दशा को लेकर काफी परेशान हैं। बरसात के बाद पानी नहीं निकल पाता है। मुख्य रास्ते पर जलजमाव हो जाता है। इससे आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नही है। इस टोले में सड़क व नाली की समस्या लम्बे समय से चली आ रही है। जिसका निराकरण होता नही दिख रहा है।
नगर पंचायत के ईओ आदित्य प्रकाश ने कहा, इस वार्ड के विकास का प्रस्ताव सभासद से मांगा गया है। जो काम बाकी है उसे भी शीघ्र ही शुरू करा दिया जाएगा। प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए वृहद कार्ययोजना तैयार हो रही है।
जल निकासी बनी बड़ी समस्या
जसवल भरवलिया वार्ड में जल निकासी एक गम्भीर समस्या बन गई है। टोले के उत्तर तरफ जलनिकासी की समस्या लम्बे अर्से से चली आ रही है। आम दिनों में भी पानी बहने की व्यवस्था नही है। पुरानी नाली है,वह भी जगह- जगह टूट चुकी है। जो गन्दगी से जाम रहती है। बरसात में जल निकासी की समस्या बढ़ जाती है। पहले की बनी नालिया सकरी हैं। बरसात के मौसम में इस वार्ड की जनता काफी दुश्वारियां झेलती है। जल निकासी की समस्या इस मोहल्ले की लम्बे अर्से से चली आ रही है। जिसे लेकर जिम्मेदारों के पास कोई ठोस योजना नही दिख रही है। मुख्य मार्ग पर नाले का निर्माण अति आवश्यक है। जिसके बाद ग्रामीण जलनिकासी की समस्या से निजात पा सकेंगे।
वार्ड की सड़कें खस्ताहाल हो चुकी है
इस मोहल्ले में ग्रामीणों को चलने के लिए अच्छी सड़क नही मिल सकी है। अधिकांश रास्ते बदहाल हैं। जगह- जगह मार्ग उखड़ चुका है। अन्दर जाने का रास्ता टूटा फूटा है। जिसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कुछ स्थानों पर पगडंडी मार्ग से ग्रामीणों को आना- जाना पड़ता है। ग्रामीण अक्सर गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। इसे लेकर जिम्मेदार लापरवाह बने हैं। वार्ड के अन्दर जाने का कुछ रास्ता पगडंडी से ही होकर जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।