Residents of Maghar s Chudi Farosh Ward Struggle with Poor Infrastructure and Neglected Sanitation बेमतलब साबित हो रहे चूड़ी फरोश में बने सार्वजनिक शौचालय, Santkabir-nagar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsResidents of Maghar s Chudi Farosh Ward Struggle with Poor Infrastructure and Neglected Sanitation

बेमतलब साबित हो रहे चूड़ी फरोश में बने सार्वजनिक शौचालय

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के चूड़ी फरोश वार्ड में लोग खराब सड़कें, जल निकासी की समस्या और शौचालय की कमी से जूझ रहे हैं। स्थानीय नेताओं की लापरवाही के कारण बने शौचालय का उद्घाटन नहीं हो सका और यह गोदाम में बदल गया...

Newswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगरFri, 4 April 2025 03:53 PM
share Share
Follow Us on
बेमतलब साबित हो रहे चूड़ी फरोश में बने सार्वजनिक शौचालय

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के नगर पंचायत मगहर का चूड़ी फरोश वार्ड विकास से कोसों दूर है। यहां के वाशिन्दे आज भी सड़क, विद्युत फाल्ट, जल निकासी की समस्या से जूझ रहे है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शौचालय की समस्या को दूर करने के लिए इसका निर्माण भी काराया। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण इसका उद्घाटन तक नहीं हो सका। पूर्व में बना शौचालय गोदाम के रूप में प्रयोग कर दुरुपयोग किया जा रहा है। वार्ड में स्थिति चमर गड़ही लोगों के लिए मुफीद साबित हो रही हैं। इसके आस-पास बसे वाशिन्दे जिम्मेदारों की उदासीनता फायदा उठा कर कब्जा कर बेहिचक अपना आशियाना बना रहे हैं। यहां के लोगों को होने वाली आपूर्ति पुरानी व जर्जर लाइन से होती है। लोड बढ़ते ही आए दिन फाल्ट होता है।

शहर के बीच बसा चूड़ी फरोश मोहल्ला बदहाली का शिकार है। टूटी सड़कें, जगह-जगह फैली गंदगी से लोगों को जूझना पड़ रहा है। नालियों की बराबर सफाई न होने से गंदगी का शिकार हैं। जिससे जल निकासी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों की शिकायत पर कुछ दिन अमल होने के बाद फिर वैसी ही हालत हो जाती है। गड़ही पर हो रहे कब्जे से बरसात के दिनों में जल भराव की आशंका सता रही है। अभी जल निकासी की समस्या बनी रहती है। नाली साफ होने के बाद कुछ दिन तक तो ठीक रहता है। लेकिन कुछ ही दिनों में फिर से उसी हालत में पहुंच जाता है। मलिन बस्ती के लोगों के घरों का रास्ता ही नहीं बना है। यह बरसात में और खतरनाक हो जाता है।

निष्प्रयोग बना है वार्ड में बना सार्वजनिक शौचालय

नगर पंचायत मगहर के चूड़ी फरोश वार्ड में आने वाला सूती मिल चौराहा शहर का सबसे व्यस्ततम चौराहा माना जाता है। जहां से छोटे-बड़े वाहन तो गुजरते ही हैं। साथ ही आस-पास के सैकड़ो गांव के लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होकर होता है। यहां सार्वजनिक शौचालय का अभाव बना हुआ था। बाजार आने वालों को शौच की समस्या का सामना करना पड़ता था। राहगीरों व स्थानीय लोगों की परेशानी देखते हुए चूड़ी फरोश मोहल्ले में नेडा द्वारा सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया। यह शौचालय जिम्मेदारों की उदासीनता की भेंट चढ़ गया। शौचालय आज तक चालू ही नहीं हो सका। इसी तरह के कहानी मेन रोड पर हरिजन बस्ती के निकट बने सार्वजनिक शौचालय की है। यहां तो उपयोग न होने से यह गोदाम बन गया है। इसमें कैरेट भरे हुए हैं। शौचालय के आभाव में लोग शौच लगने पर दर-दर भटकने को मजबूर होते हैं। नागरिकों का कहना है कि जब शौचालय चालू नहीं करवाना था तो इसका निर्माण क्यों किया। यह पूरी तरह से धन की बरबादी की गई है। इस सवाल का जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।

बदहाल है चमर गड़ही, फायदा उठा रहे हैं लोग

चुड़ी फरोश वार्ड में दो मलिन बस्ती है। दोनों बस्ती के बीच चमर गड़ही है। इस गड़ही में नब्बे के दशक में जब हथकरघा उद्योग चलता था तो हरिजन समाज के लोग सूत रंगाई का काम करते थे। जबसे हथकरघा उद्योग बंद हुआ यह गड़ही भी बदहाल हो गई। साफ-सफाई के आभाव में यहां पर झाड़- झंझाड़ उग आए हैं। यहां पर जाना मुश्किल भरा काम है। यहां की बदहाली का फायदा उठा कर आस-पास के लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। यहां अवैध ढंग से बड़ी-बड़ी बिल्डिंग खड़ी कर रहे हैं। जब कोई सरकारी कार्य यहां शुरू होने के लिए तैयारी की जाती है तो यहां के लोग विवाद पैदा कर उसे रोक देते हैं।

नाले से निकल रही बदबू से परेशान हैं लोग

मगहर कस्बे की जल निकासी के लिए चूड़ी फरोश वार्ड में मुख्य मार्ग के दोनों तरफ नाला बना हुआ है। इन दिनों हालत यह है कि यह नाला जाम हो गया है। इसके चलते नाले में जमा पानी की निकासी नहीं हो पाती है। जाम नाले का पानी सड़कर काला पड़ जाता है। उसमें कीड़े बजबजाते रहते हैं। जिससे निकलने वाली बदबू से आस-पास रहने वाले का जीना दुश्वार हो जाता है। यहां के नागरिकों ने नाले की अच्छे से सफाई कराने की मांग की है। ताकि इससे उठने वाली दुर्गंध दूर हो सके। साथ ही आने वाले बरसात की सीजन में जल जमाव की समस्या के चलते घुटने भर पानी के बीच चलने से लोगों को निजात मिल सके।

जगह-जगह सड़क धंसने से आवामगन में हो रही दुश्वारी

चूड़ी फरोश वार्ड में बनी सड़कें जगह-जगह धंस गई हैं। इसके चलते इन सड़कों पर चलना किसी खतरे से कम नहीं है। यहां से गुजरते समय जरा सी लापरवाही व बदख्याली लोगों को भारी पड़ सकती है। सड़क के धंसने से बने गड्ढों में फंसने के कारण कई लोग गिर कर चुटहिल हो चुके हैं। सबसे अधिक खस्ता हालत आदर्श गली व शेरपुर चौराहे से नहर तक जाने वाली की सीसी सड़क की है। यहां पर तो कदम-कदम पर खतरा ही खतरा है। यहां रात के अंधेरे में बिजली न रहने पर लोग फंस कर न गिरे यह मुमकिन ही नहीं है।

सड़क बनने की राह देख रहे लोग

चूड़ी फरोश वार्ड के उत्तर तरफ मलिन बस्ती मोहल्ले के वाशिंदो को घर तक पहुंचने के लिए रास्ता ही नहीं है। यहां के लोग कच्चे रास्ते से होकर ही अपने घर तक पहुंचते हैं। जहां से गुजरते समय खतरा बना रहता है। जाड़ा व गर्मी के मौसम में तो ठीक रहता है। बरसात के मौसम में रास्ते में पानी भर जाने व कीचड़ के कारण लोग अपने घर से निकल नहीं पाते हैं। इस कच्चे मार्ग पर सड़क बनने का लोग वर्षों से इंतजार कर रहे हैं। नाली न बनने से लोगों के घरों से निकला हुआ पानी आस-पास फैला रहता है। जिसमें से होकर लोग गुजरने को मजबूर होते हैं।

बरसात में तालाब बन जाता है दक्षिणी टोला मोहल्ला

चूड़ी फरोश मोहल्ले के दक्षिण आबादी में जल निकासी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। जहां पानी के निकासी की समुचित व्यावस्था न होने के कारण नालियों का गंदा पानी जमा रहता है। इनकी परेशानी बरसात के महीने में बढ़ जाती है और चारो ओर पानी लग जाता है। जिसे पम्पिंग सेट लगा कर पानी की निकासी कराई जाती है। सभासद मुसर्रत जहां ने कहा कि वार्ड की समस्या दूर करने का प्रयास जारी है। यहां पर विकास का कार्य तेजी से हो रहा है। मोहल्ले में दो नई सड़क का निर्माण हो चुका है। जहां क्रास नाली पर जाली की जरूरत है। उसे लगा कर रास्ते को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। चेयरपर्सन अनवरी बेगम ने कहा कि चूड़ी फरोश वार्ड की तस्वीर व तकदीर दोनों बदल रही है। यहा पर सड़कों का तेजी निर्माण कराया जाएगा। यहां जल निकासी की समस्या है वहां पर उसे बड़े नाले से कनेक्ट किया जाएगा। इसके कनेक्ट हो जाने पर समस्ता दूर हो जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।