अयोध्या से पकड़े गए मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत 33 लोग
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले की पुलिस ने अयोध्या से पकड़े गए मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका प्रसाद श्रमिक और 33 अन्य लोगों पर बिना अनुमति के पद यात्रा निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। उन्हें...

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले की पुलिस ने अयोध्या से पकड़े गए मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत 33 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। बिना अनुमति के अनुरोध पद यात्रा निकाल कर लखनऊ जा रहे मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनके 33 अन्य सहयोगियों को अयोध्या पुलिस ने देर शाम सीमा पर रोक लिया। इसके साथ ही कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर एसडीएम सदर शैलेश दूबे, सीओ सदर अजीत चौहान और चौकी इंचार्ज मगहर मनीष जायसवाल आदि पुलिस कर्मी पहुंच गए। पुलिस सभी को हिरासत को लेकर खलीलाबाद पहुंची। पुलिस ने अन्य को तो छोड़ दिया, लेकिन मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए एसडीएम की कोर्ट में पेश किया, जहां से एसडीएम ने न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए उन्हें जेल भेजवा दिया।
सीओ सदर अजीत चौहान ने बताया कि 22 फरवरी को मनरेगा मजदूर संघ के लोगों ने गोरखपुर के गोरखनाथ से अनुरोध पदयात्रा निकालने की योजना बनाई थी। जबकि स्थानीय पुलिस और प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं ली। इतना ही नहीं इसकी जानकारी तक प्रशासन को नहीं दी थी। बिना अनुमति अनुरोध पद यात्रा निकालने जाने की वजह से अयोध्या पुलिस ने मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका प्रसाद श्रमिक व उनके अन्य 33 सहयोगियों को रोक लिया।
इसके साथ ही कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसडीएम सदर शैलेश दूबे, सीओ सदर अजीत चौहान और चौकी इंचार्ज मगहर मनीष जायसवाल आदि पुलिस कर्मी अयोध्या पहुंच गए। इन सभी लोगों को अयोध्या से हिरासत में लेकर खलीलाबाद लाया गया। मनरेगा मजदूर संगठन के 33 सहयोगियों को खलीलाबाद लाकर छोड़ दिया गया। जबकि मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका प्रसाद श्रमिक निवासी बलही थाना महुली को शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए एसडीएम सदर के समक्ष पेश किया गया। एसडीएम ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेजवा दिया।
लखनऊ में विरोध प्रदर्शन की थी योजना
22 फरवरी को मनरेगा मजदूर संघ के केंद्रीय नेतृत्व के आवाह्न पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर से सात सूत्रीय मांगों को लेकर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका प्रसाद श्रमिक व अन्य पदाधिकारियों ने अनुरोध पदयात्रा निकाली थी। यह पदयात्रा 8 मार्च को कालिदास मार्ग लखनऊ पहुंचनी थी। जहां, संगठन के लोग अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाए थे।
मनरेगा मजदूर संघ संतकबीरनगर के जिला प्रभारी सोहन पांडेय ने बताया कि वे लोग ग्राम समाज की सात सूत्री मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से पदयात्रा निकाल रहे थे। पदयात्रा में वे लोग 200 किलोमीटर की दूरी लगभग तय कर चुके थे, लेकिन पुलिस ने दमनात्मक कार्रवाई करते हुए संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसे कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और 35 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका प्रसाद श्रमिक और 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ बिना अनुमति रैली, जुलूस निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने यह कार्रवाई एसआई जयराम सिंह यादव की तहरीर पर किया।
एसआई जयराम सिंह यादव के मुताबिक चार मार्च को वह सहयोगी हेड कांस्टबल कलीमुद्दीन के साथ मेंहदावल बाईपास पर पहुंचे तो देखा कि वहां काफी भीड़ थी। आवागमन अवरुद्ध हो रहा था। आवागमन सामान्य बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जुलूस के शक्ल में मनरेगा मजदूर संघ के पोस्टर तले काफी संख्या में हुजूम के रूप में लोग एकत्र थे। वहां पर मौजूद लोगों से अपील कर यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से सुगम कराई गई।
मौके पर अंबिका प्रसाद श्रमिक निवासी बलही थाना महुली जनपद संतकबीरनगर जो अपने को मजदूर मनरेगा संघ का पदाधिकारी बता रहे थे। उनके साथ नाम पता अज्ञात करीब 30-35 लोग उक्त जुलूस, रैली में शामिल थे। जिनसे उक्त रैली के लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति पत्र मांगा गया तो नहीं दिखा सके। इन लोगों की कृत्य से आम जनता, बुजुर्ग, बच्चों को काफी कष्ट हो रहा था। आवागमन अवरुद्ध होने के कारण आमजनमानस में काफी आक्रोश था। सीओ अजीत चौहान ने बताया कि इस मामले मनरेगा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका प्रसाद श्रमिक और 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आगे बताया कि इसके पूर्व भी कुशीनगर जिले में संघ के अध्यक्ष के खिलाफ दो मुकदमें दर्ज हो चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।