अज्ञात वाहन की टक्कर से साले-बहनोई की मौत
Sambhal News - गांव कादराबाद से घोंसली रामसहाय जाने वाले लिंक मार्ग पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार साले-बहनोई को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। घायल गिर्राज को अस्पताल में भर्ती कराया...

थाना जुनावई क्षेत्र के गांव कादराबाद से घोंसली रामसहाय को जाने वाले लिंक मार्ग पर गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार साले-बहनोई को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामाभरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी गिर्राज सिंह (25) पुत्र चन्द्रपाल सिंह गुरुवार को क्षेत्र के गांव मैंदावली निवासी बहनोई सत्यवीर सिंह (30) पुत्र सुखराम के घर गया था। देर रात दोनों साले-बहनोई बाइक से जमालपुर जा रहे थे। जैसे ही वह कादराबाद घोंसली रामसहाय लिंक मार्ग पर पहुंचे तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात हादसा होने की वजह से दोनों बाइक सवार सड़क किनारे पड़े रहे। शुक्रवार सुबह घोंसली के चौकीदार विजय ने घायलों को रास्ते में पड़ा देखा। तुरंत उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य जुनावई में भर्ती कराया। चिकित्सक ने घायल सत्यवीर को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल गिर्राज को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर परिजन घायल को अलीगढ़ ले जा रहे थे रास्ते में गिर्राज ने भी दम तोड़ दिया। साले-बहनोई की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामाभरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सत्यवीर अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र सोनू एवं पत्नी भूरी देवी को छोड़ गया है। मृतक गिर्राज सिंह के भाई महीपाल ने तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।