होली और रमजान पर सुरक्षा कड़ी, डीआईजी ने संभाला मोर्चा
Sambhal News - शहर में होली और रमजान के दौरान कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए डीआईजी मुनिराज जी ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया और शांति बनाए रखने की अपील...

शहर में होली और रमजान के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को परखने के लिए बुधवार शाम डीआईजी मुनिराज जी संभल पहुंचे। उनके साथ डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चन्दौसी चौराहा पर पुलिस बल को ब्रीफ किया और फिर पुलिस व पीएसी के साथ रोडवेज बस स्टैंड, अस्पताल चौराहा, छंगामल कोठी और दीपा सराय में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। डीआईजी मुनिराज जी ने पैदल गश्त कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और त्यौहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी ने सभी थानों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि होली, रमजान, जुमा अलविदा और ईद के दौरान शहर में कड़ी सुरक्षा रहेगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन का साफ संदेश है कि त्यौहार शांति और भाईचारे के साथ मनाएं, किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।