बोले सहारनपुर :: टूटी सड़कें और सीवर लाइन तक नहीं
Saharanpur News - सहारनपुर के वार्ड 59 में सफाई कर्मचारियों की कमी और जर्जर इमारतों की समस्या है। यहां के प्राथमिक विद्यालय में 42 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन इमारत की हालत खराब है। 112 साल पुराना मीट बाजार भी जर्जर है।...

सहानपुर का वार्ड 59 पुराने शहर में स्थित है। आबादी के लिहाज से काफी बड़ा वार्ड है और यहां 7 हजार मतदाता हैं। वार्ड के कई घरों में स्थानीय निवासी होजरी का काम करते हैं। करीब 100 साल पुराना मीट बाजार भी है, जो नगर निगम की इमारत में चल रहा है। वार्ड में काफी पुराना प्राथमिक विद्यालय है, जिसकी इमारत जर्जर हालत में है। वार्ड की मुख्य समस्या सफाई कर्मचारियों की कमी और जर्जर इमारते हैं। स्थानीय पार्षद से लेकर निगम अधिकारियों तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। पुराने शहर के वार्ड 59 में कई समस्याओं का अंबार है। वार्ड में स्थानीय लोगों के साथ साथ बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग है। मटिया महल, जाफर नवाज, शाहमदार, जोगियान शाहमदार, ख्वाजा अहमद सराय, मालियान आदि इलाके हैं। यहां एक कॉमन समस्या सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होना है, जबकि 17 सफाईकर्मी तैनात हैं। कुछ साल पहले तक इस वार्ड में करीब 32 सफाईकर्मी थे। जिसमें से काफी संख्या में सफाईकर्मी सेवानिवृत्त हो गए हैं। वार्ड में सीवर की भी समस्या गंभीर रुप धारण कर चुकी है। वार्ड में नगर निगम की इमारत में एक प्राथमिक स्कूल चल रहा है। जिसमें 42 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसकी इमारत जर्जर हालत में है। प्लास्टर कई जगह से उखड़ा हुआ है। स्कूल की शिक्षिका ने बताया कि प्लास्टर कई बार बच्चों पर गिर चुका है। इसलिए बच्चों का बचाकर कक्षा में बैठाना पड़ता है।
वहीं नगर निगम की इमारत में चल रहे मीट बाजार की भी हालत ठीक नहीं है। व्यापारियों ने बताया कि यह बाजार करीब 1914 से इसी इमारत में चल रहा है। इमारत की मरम्मत की जरुरत है। गलियों में कई कुत्ते देखे गए। बताया गया कि कुत्ते खुंखार हो चले हैं। कई बार राहगीरों को काट चुके हैं। नगर निगम को शिकायत की गई है लेकिन समाधान नहीं मिला है। स्थानीय निवासी सन्नी नागपाल ने बताया कि पार्षद का कार्य तो ठीक है, लेकिन मच्छरों की बड़ी समस्या है। नियमित फोगिंग की जरुरत है। सड़कें भी कई जगह से टूटी हुई है। इसकी मरम्मत होनी चाहिए। ज्यादातार लोगों ने सफाई को ही क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बताया और सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
---
शौचालय है पर बिजली का कनेक्शन नहीं
वार्ड 59 मटिया महल में एक ही सार्वजनिक शौचालय है। वो भी पार्षद के प्रयास से बना है। हैरत कि बात है कि शौचालय तो बना दिया गया है लेकिन बिजली का कनेक्शन नहीं है, जिससे पानी सप्लाई में समस्या होती है। इस संबंध में कई बार शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का हल नहीं मिला।
----
सफाई कर्मियों की सबसे बड़ी समस्या
वार्ड की सबसे समस्या सफाई कर्मचारियों की कमी है। एक समय था जब वार्ड में करीब 32 सफाईकर्मी थे। आज इनकी संख्या काफी कम हो गई है, जिससे वार्ड में सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके समाधान के लिए कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन स्थिति जस की तस है।
----
समस्या
-नगर निगम की जर्जर इमारत में चल रहा प्राथमिक विद्यालय।
-करीब 112 साल पुरानी नगर निगम इमारत में चल रहा मीट बाजार।
-सफाई कर्मचारियों की समस्या से जूझ रहा वार्ड।
-कूड़े के लगे ढेर, गंदगी की समस्या।
-सीवर लाइन की समस्या, नालियों में बह रहा मल
-कुत्तों का आतंक, कोई सुनवाई नहीं
-शौचालय है, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं
----
सुझाव
-सीवर की समस्या का समाधान किया जाए।
-जर्जर इमारत की मरम्मत कराई जाए।
-सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए।
-शौचालय की समस्या का समाधान किया जाए।
-चौक नालों की सफाई कराई जाए।
- टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाए।
----
वर्जन
वार्ड में नगर निगम की इमारत में प्राथमिक विद्यालय चल रहा है, जिसमें कक्षा एक से कक्षा पांच तक करीब 42 बच्चे पढ़ते हैं। इमारत काफी पुरानी हो गई है। लेंटर का प्लास्टर कई जगह से उखड़ गया है। बच्चों पर भी कई बार गिरा है। शुक्र है कि किसी बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वार्ड में करीब 100 साल पुराना मीट बाजार भी है, जिसकी इमारत भी काफी जर्जर हो गई है। निगम अधिकारी संज्ञान ले। सफाई कर्मचारियों की संख्या आबादी के हिसाब से काफी कम है। इनकी संख्या 35 तक बढ़ाई जाए। नदीम अंसारी, पार्षद प्रतिनिधि
वार्ड में सफाई की समस्या है। कर्मचारियों की कमी के चलते वार्ड में कई जगह कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं। इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
-अली मुखिया, फूल व्यापारी
वार्ड में कुत्तों की बहुत बड़ी समस्या है। कुत्ते काफी खूंखार हो गए हैं। कई लोगों को काट चुके हैं। स्थानीय पार्षद को इस बारे में अवगत कराया गया है।
-अजीम मलिक, हौजरी कारीगर
सीवर की समस्या लंबे समय से चल रही है। नालियों में मल बह रहा है। बदबू की समस्या बनी हुई है। स्थानीय पार्षद से लेकर निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
-शौकत, होजरी कारीगर
वार्ड में एक ही सार्वजनिक शौचालय है। जिसमें बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। बिना बिजली कनेक्शन के कैसा शौचालय? स्थानीय पार्षद को अवगत कराया गया है।
-मुदस्सर अली, होजरी कारीगर
वार्ड में व्यापारियों के लिए पांवधोई नदी पर पार्किंग बनाई गई है, जिसकी ऊचाई इतनी अधिक है कि कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। सड़की की चौड़ाई भी आधी हो गई है।
-नदीम, क्राकरी दुकानदार
वार्ड में बड़ी संख्या में मच्छर है। फोगिंग की आवश्यकता है। इसके लिए कई बार स्थानीय पार्षद को अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या बनी हुई है।
-सन्नी नागपाल, व्यापारी
वार्ड में कुछ इलाकों में सड़क टूटी हुई हैं। आए दिन घटनाएं होती रहती है। जलभराव की समस्या है। इस बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन समाधान नहीं हुआ है।
-जीशान अली, व्यापारी
वार्ड में करीब 112 साल पुराना मीट बाजार है। नगर निगम की इमारत में मीट बाजार चल रहा है। जिसकी स्थिति सही नहीं है। इमारत जर्जर हो चुकी है। कोई अप्रिय घटना हो सकती है। -शहजाद खान, व्यापारी
वार्ड में कई लोग में होजरी का काम करते हैं। इनके बनाए गए कपड़े दूसरे शहरों में सप्लाई होते हैं। तंग गलियों में इनके घर हैं जहां सफाई की समस्या बनी हुई है।
-कासिम, स्थानीय निवासी
वार्ड की सबसे समस्या सफाई कर्मचारियों की कमी है। एक समय था जब वार्ड में करीब 32 सफाई कर्मी थे आज केवल 17 सफाई कर्मी हैं। सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए।
-महमूद हसन, स्थानीय निवासी
वार्ड में जलभराव की समस्या है। थोड़ी सी बारिश आते ही सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है। विकास तो हुआ है, लेकिन प्लानिंग का अभाव है।
-रिजवान योगी, व्यापारी
वार्ड में व्यापारियों के लिए पांवधोई नदी पर पार्किंग बनाई गई है, लेकिन इसका फायदा कम नुकसान ज्यादा हुआ है। पार्किंग बनाने में दूरदर्शिता का अभाव दिखता है।
-मंसूर जोगी, स्थानीय निवासी
क्षेत्र में कुत्तों की संख्या काफी बढ़ गई है। आए दिन किसी ना किसी को काटते हैं। इनका आतंक बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में स्थानीय पार्षद को शिकायत की गई है।
-अजीम राजा, स्थानीय निवासी
सफाई और सीवर की समस्या ही सबसे बड़ी समस्या है। पार्षद अपने स्तर पर काफी मेहनत करते हैं। किसी शिकायत की गुंजाईश नहीं छोड़ते हैं। लेकिन सफाई पर काम करने की आवश्यकता है। -हाजी अकबर, स्थानीय निवासी
इतना बड़ा वार्ड है। बड़ी संख्या में व्यापारी हैं। बाहर के शहरों से व्यापारी खरीददारी के लिए आते हैं। सार्वजनिक शौचालय होना चाहिए। इस संबंध में शिकायत की गई है। लेकिन समाधान नहीं मिला। गोविंद बाठला, व्यापारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।