Hindi NewsUttar-pradesh NewsSaharanpur NewsWard 15 Residents Demand Basic Amenities Amidst Poor Conditions

बोले सहारनपुर : यहां हर तरफ बदहाली का आलम, मूलभूत सुविधाओं की दरकार

Saharanpur News - शहर के वार्ड नंबर 15 में निवासियों को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। 10,000 जनसंख्या के इस क्षेत्र में गंदगी, टूटी सड़कें और दूषित पेयजल जैसी समस्याएं हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर...

Newswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुरMon, 17 Feb 2025 12:05 AM
share Share
Follow Us on
बोले सहारनपुर : यहां हर तरफ बदहाली का आलम, मूलभूत सुविधाओं की दरकार

शहर के महत्वपूर्ण वार्ड में शुमार वार्ड नंबर 15 में मूलभूत सुविधाएं मिलने को क्षेत्रवासी काफी समय से इंतजार कर रहे हैं। वार्ड में 11 कॉलोनियां है, जिसमें 10 हजार की आबादी है, जिन्हें सुविधाओं के आभाव में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस क्षेत्र में रेलवे कॉलोनी, 100 क्वार्टर रेलवे कॉलोनी, वलीपुरा, कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन, झुग्गी झोपड़ी खलासी लाइन, अर्जुननगर, न्यू अर्जुनगर, मक्खन नगर, न्यू मक्खन नगर में सीवर लाइन नहीं है। सिर्फ एवन कॉलोनी में सीवर लाइन है। इसके अलावा जगह-जगह गंदगी के अंबार, टूटी सड़कें, कॉलोनियों में अंधेरा, दूषित पेयजल और रेलवे मैदान पर अपराधियों का बोलबाला है। पुलिस गश्त की बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। वार्ड के वलीपुरा कॉलोनी में रहने वाले लोगों के लिए आने-जाने का रास्ता नहीं है। लोगों ने अस्थाई रास्ता बना रखा है, जिस पर रात में अंधेरा छाया रहता है। यहां के पूर्व पार्षद एवन कॉलोनी निवासी सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, सुखविंदर कौर, मनजीत सिंह गोल्डी का कहना है कि वार्ड की अधिकांश सड़कें टूटी पड़ी है। कई सड़कें ऐसी हैं, जिनको पास कराया और सर्वे भी हो चुका है, लेकिन दो वर्ष बाद भी सड़क नगर निगम नहीं बनाया है।

वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या दूषित पेयजल बना है। पूर्व में वार्ड में नगर निगम की टंकियों से काला पानी आ रहा है। न ही इस पानी को पी सकते हैं और न ही किसी कार्य में इस्तेमाल कर सकते हैं। इस इलाके में रेलवे का भी बड़ा हिस्सा आता है। रेलवे के पार्कों में बदहाली आलम है, जहां गंदगी फैली है। अपराधियों इन पार्कों को अपना अड्डा बना लिया है। इसी तरह खाली पड़े सरकारी कवार्टर जर्जर हालत हैं। रेलवे मैदान और इन सरकारी आवासों में नशेड़ियों का कब्जा है। यहां पर दिन रात नशेड़ी मादक पदार्थों का सेवन करते हुए देख जा सकते हैं। इसके अलावा रेलवे कॉलोनी मैदान तो जंग का अखाड़ा बन गया है। इसके गवाह लोगों के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे हैं, जिनमें आए दिन घटनाएं कैद हो रही है। मैदान पर शाम होते ही दूर-दूराज के युवकों को जमावड़ा लग जाता है, जिनके बीच वर्चस्व की जंग को लेकर खूनी संघर्ष होना आम बात हो गई है।

रेलवे रोड पर सुरक्षा का नहीं भरोसा

रेलवे रोड पर पुलिस की गश्त होती है, लेकिन सुरक्षा का फिर भी भरोसा नहीं है। महिलाएं तो इस क्षेत्र से निकलते हुए डरती हैं। क्योंकि, कब अवैध हथियारों से गोली चल जाए, इसका पता नहीं है। ऐसे वारदातों की वीडियो क्षेत्रवासियों के पास भी है। रेलवे मैदान पर हत्या की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

अर्जुननगर के पार्क पर लोगों का कब्जा

पार्कों में बदहाली का आलम है। न्यू अर्जुनगर के पार्क पर तो लोगों ही कब्जा कर लिया है। छोटी लाइन के बराबर में रेलवे की सड़क टूटी पड़ी है। वार्ड में दो वर्ष लगाए गए हैंडपंपों के हलक सूख गए हैं। यहां सरकारी शौचालय बनवाया गया, जिसमें गंदगी का अंबार लगा है। झुग्गी झोपड़ी रहने वाले लोगों के वोट बने हैं और इनके आधार कार्ड भी हैं, लेकिन राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं।

सफाई कर्मचारी भी नाकाफी

वार्ड में 15 सफाई कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन आते दस भी नियमित सफाई नहीं, जबकि आवश्यकता 20 से 25 सफाई कर्मचारियों की है। क्योंकि, दस हजार की आबादी है। इनमें एवन कॉलोनी, मक्खननगर, अर्जुनगर पॉश ऐरिया भी है। यहां भी टूटी सड़कें, अंधेरा, दूषित पेयजल, गंदगी से लोग परेशान हैं।

अधिकतर कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइटें खराब

वार्ड की अधिकतर कॉलोनियों में लगी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जहां रात में अंधेरा छाया रहता है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। कई जगहों पर बिजली के खंभे जर्जर हो चुके हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। हादसे का कारण बन सकते है।यहीं के निवासी मनजीत सिंह कोका कहना है कि कई जगहों पर विद्युत खंभों की आवश्यकता है, लेकिन खंभे नहीं लगाए गए हैं। लोगों के घरों पर स्ट्रीट लाइटें लगानी पड़ती हैं।

अटी पड़ी हैं नालियां, होता है जलभराव

सहारनपुर। वार्ड की अधिकांश की कॉलोनी की नालियां गंदगी से अटी पड़ी है, जिसकी वजह से गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। बरसात में जलभराव इस कदर होता है कि, लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल होता है। घरों में भी गंदा पानी घुस जाता है। कुछ धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था भी नहीं है। क्षेत्रवासी आए दिन नगर निगम से समस्याओं के समाधान की गुहार लगाते हैं, लेकिन सुनवाई न के बराबर होती है। ऐसे में काफी समय से लोग परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सुझाव

-वार्ड में सीवर लाइन डालने की आवश्यकता है।

-वार्ड में कई जगहों पर गैस पाइप लाइन भी डाली जाए।

-आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाई जाए।

-अंधेरे वाले इलाकों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं।

-दूषित पेयजल से निजात मिले।

-पार्कों का सुंदरीकरण किया जाए, पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए।

शिकायतें

-वार्ड में सीवर लाइन की व्यवस्था नहीं है।

-पथ प्रकाश की व्यवस्था नहीं है।

-अपराधी प्रवृत्ति के लोगों ने अड्डा बना रखा है।

-सार्वजनिक शौचालय नहीं बने हैं।

-शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है।

-जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं। साथ ही पार्कों का सुंदरीकरण नहीं हुआ है।

वर्जन

वार्ड के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जबकि सभी नगर निगम को पूरा टैक्स देते हैं। इस मुद्दे को कई बार उठा भी चुके हैं। नगर निगम ने वार्ड की अनदेखी कर रखी है।

-सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, पूर्व पार्षद निवासी एवन कॉलोनी

कॉलोनी में गंदगी के अंबार लगे हैं। रोजाना सफाई नहीं होती है, जिसकी वजह से लोग परेशानी का सामना करना रहे हैं। -कुसुम चौधरी, निवासी एवन कॉलोनी

पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरूस्त की जाए। कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने की जरूरत है। खराब लाइटों को ठीक कराया जाए।-बाला शर्मा, निवासी एवन कॉलोनी

कुष्ठ आश्रम के आसपास की सड़कों को ठीक कराया जाए। यहां गंदगी के अंबार लगे हैं। सफाई कर्मचारी नियमित सफाई करने नहीं आते हैं। काफी समय से लापरवाही बरती जा रही है। कोई सुनवाई भी नहीं है। -राजेश ऋषिदेव, निवासी कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन

आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाई जाए। आवारा पशु कॉलोनी में घूमते रहते हैं। दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।-सुखविंदर कौर, एवन कॉलोनी

वार्ड में सार्वजनिक शौचालए बनाए जाएं। क्योंकि, वार्ड से कई क्षेत्रों के रास्ते जुड़े हैं, ताकि उनको सुविधा हो सके।-कमलेश शर्मा, एवन कॉलोनी

दूषित पेयजल से निजात मिलनी चाहिए। पूरे वार्ड में टंकियों से गंदा व काला पानी आ रहा है, जिससे दुर्गंध उठ रही है। -मनजीत सिंह गोल्डी निवासी एवन कॉलोनी

बिजली के जर्जर खंभे कभी गिर सकते हैं, जिसकी वजह से हादसा हो सकता है। निगम और विद्युत विभाग को ध्यान देना चाहिए। -अश्वनी शर्मा, रेलवे कॉलोनी

सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए। पूरे वार्ड को सीसीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाए।

-नरेंद्र चौहान, निवासी नगर निगम कॉलोनी

रेलवे के खाली पड़े आवास जर्जर हो चुके हैं। यहां अपराधियों ने अड्डा बना रखा है। कभी बड़ी वारदात हो सकती है। -मंजीत सिंह कोका 100 कर्वाटर रेलवे कॉलोनी

पार्कों का सुंदरीकरण कराया जाए। यहां बच्चों के खेलने के लिए झूले लगाए जाएं। इसके अलावा वॉकिंग ट्रैक बनना चाहिए। -राहुल सिंह,नवीनगर

सुविधाएं तो मिल ही नहीं रही है, जबकि टैक्स पूरा दे रहे हैं। हर तरह की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। -प्रवीन सैनी निवासी एवन कॉलोनी

अधिकतर नालियां टूटी पड़ी हैं, जिन्हें दोबारा बनाया जाए। नालियां गंदगी से अटी रहती हैं, जिसकी वजह से पानी सड़कों पर आ जाता है। -नीरज धीमान, नवीनगर

कुष्ठ आश्रम के आसपास की सड़कों को ठीक कराया जाए। यहां गंदगी के अंबार लगे हैं। सफाई कर्मचारी नियमित सफाई करने नहीं आते हैं। काफी समय से लापरवाही बरती जा रही है। कोई सुनवाई भी नहीं है। -राजेश ऋषिदेव, निवासी कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन

कहना इनका

वार्ड 15 में नगर निगम संबंधित समस्याओं की जानकारी नहीं है। सहारनपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम से संबंधित जो भी समस्या होगी उसका निस्तारण कराया जाएगा। डा.अजय कुमार सिंह, महापौर

सहारनपुर में स्मार्ट सिटी के कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं। जिसमें से काफी पूरे भी हो गए हैं। वार्डों मे जाकर भी निरीक्षण किया जा रहा है। वार्ड 15 के क्षेत्रवासी समस्याओं की जानकारी दे। निस्तारण कराया जाएगा।

-संजय चौहान, नगरायुक्त

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें