दहका आसमान, तपी धरती और व्याकुल हुए लोग
Rampur News - शनिवार को 39 डिग्री सेल्सियस के तापमान में लोग गर्मी से परेशान रहे। धूप के कारण चेहरा लाल पड़ गया और लोग गर्म हवाओं से बेहाल होते नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले दो दिन गर्मी बढ़ेगी, लेकिन...

39 डिग्री का तापमान और चिलचिलाती धूप। इन हालातों के बीच शनिवार को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। चेहरा लाल पड़ गया। कुछ ही दूरी तक चलने के बाद लोग गर्मी में बेहाल होते नजर आए। शुक्रवार को जिले भर में हल्की बारिश होने के बाद मौसम बदला जरूर था मगर अगले दिन भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। शनिवार को सुबह से ही चटख धूप निकली हुई थी। दोपहर के समय में गर्म हवाएं भी चलीं जिस कारण दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस भीषण गर्मी में लोगों के पसीने छूट गए।
दफ्तर, दुकान आदि कार्यस्थलों पर जाने वाले लोग खासे परेशान नजर आए। कोई छतरी लगाकर तो कोई सिर पर अंगोछा, कैप आदि के जरिये धूप बचाने की कोशिश करता नजर आया। जैसे-जैसे समय बढ़ा, गर्मी का प्रकोप और बढ़ता गया। दोपहर के समय लोगों को गर्मी असहनीय महसूस होने लगी। इसका सीधा असर बाजारों में देखने को मिला। ग्राहक नदारद थे और दुकानदार इंतजार करते नजर आ रहे थे। वहीं रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। बोले मौसम वैज्ञानिक अभी दो दिन भीषण गर्मी भरे रहेंगे। सोमवार की शाम को बादल, बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद हफ्ते भर तक बादल और बूंदाबांदी वाला मौसम रहेगा। अधिक बरसात नहीं होगी लेकिन गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। -डा. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय। इन बातों का रखें ख्याल -दोपहर में 12 से तीन बजे बाहर न निकलें। -सफर के दौरान पानी अपने साथ में रखें। -पानी जरूर पीयें। थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें। -बाहर निकलते समय सिर व शरीर को ढंककर बाहर निकलें। -नींबू पानी, ताजा फलों का जूस फायदेमंद है। फैक्ट फाइल -39 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान -30 डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम तापमान -51 प्रतिशत वातावरण में नमी -08 किमी प्रतिघंटा हवा की गति
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।