मसवासी में तेंदुए का खौफ बरकरार, पिंजरे में कैद नहीं हो सका तेंदुआ
Rampur News - करीमपुर गांव में तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीण परेशान हैं। तेंदुआ पहले भी फार्म हाउस में घुसकर पालतू कुत्ते को मार चुका है। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह अभी तक पकड़ में...
करीमपुर गांव के जंगल में तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीण परेशान है। पूर्व में फार्म हाउस में घुसकर तेंदुए ने पालतू कुत्ते को भी निवाला बना लिया था लेकिन इसके बावजूद भी तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका है। डीएफओ ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मामले की जानकारी हासिल की है। करीमपुर गांव के ग्रामीणों के लिए तेंदुआ जी का जंजाल बनकर रह गया है। तेंदुए की दहशत के कारण ग्रामीण घरों में कैद होकर रह गए हैं। बीते 30 जनवरी को भी करीमपुर गांव में सरदार बलदेव सिंह के फार्म हाउस में घुसे तेंदुए के द्वारा जाल में सो रहे कुत्ते को अपना निवाला बना लिया गया था। वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था लेकिन कई दिन बाद भी तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हो सका है। जिसके बाद 17 फरवरी की रात पौने आठ बजे करीमपुर गांव में ही तेंदुआ सरदार अवतार सिंह के फार्म हाउस में घुस गया और उनके पालतू कुत्ते पर हमला बोल दिया। जिस पर कुत्ते ने भी तेंदुए पर हमला किया। तेंदुआ जंगल की और भाग गया। अवतार सिंह के द्वारा मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन रेंजर मुजाहिद हुसैन, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी कुंदन सिंह भंडारी, वन दरोगा शील कुमार, वन दरोगा गौरव कुमार, बलविंदर सिंह टीम के साथ फार्म हाउस पर पहुंच गए।
बुधवार को रहमतगंज गांव में मास्टर उदयराज मौर्य के गन्ने की छिलाई हो रही थी। मजदूर गन्ने के खेत में काम कर रहे थे। तभी अचानक मजदूरों की नजर गन्ने के खेत में पड़े कुत्ते के आधे शव पर पड़ी। मौके पर पहुंचे उमेश कुमार ने मृत कुत्ते की वीडियो बना ली। वन दरोगा गौरव कुमार टीम के साथ गांव पहुंच गए और ग्रामीणों से मामले की जानकारी हासिल की है। फिर से करीमपुर गांव में तेंदुए के देखे जाने पर वन विभाग की टीम ने तेंदुए की लोकेशन ट्रेस कर करीमपुर गांव के जंगल में करनैल सिंह के अमरुद के बाग में पिंजरे में बकरी को बांधकर पिंजरा लगा दिया था। लेकिन तीन दिन बाद भी तेंदुए के पिंजरे में कैद नहीं होने पर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बरकरार है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम के साथ डीएफओ प्रणव जैन ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी हासिल की और तेंदुए की तलाश में कांबिंग की तब टीम को जंगल में जगह-जगह तेंदुए के पदचिन्ह छपे हुए मिले हैं। डीएफओ ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।