चार दिन बाद भी शशांक के हत्यारे पकड़ से दूर
Prayagraj News - प्रयागराज में 24 फरवरी को शशांक सिंह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने छह नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हत्या के मुख्य आरोपी शुभम उपाध्याय को गिरफ्तार करने में पुलिस की तीन टीमें जुटी...

प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के फव्वारा चौराहे के समीप चार दिन पहले 24 फरवरी की रात सरेआम शशांक सिंह की गोली मार की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने छह नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है। इसके बावजूद घटना के चार दिन बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसको लेकर मृतक के परिजनों में नाराजगी बनी हुई है। नवाबगंज निवासी शिवकुमार यादव के पुत्र 24 वर्षीय शशांक सिंह की गर्ल फ्रेंड के विवाद में उसके पूर्व मित्र शुभम उपाध्याय ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी थी। शशांक सीएमपी कॉलेज में बीएससी का छात्र था। साथ ही एक फाइनेंस कंपनी में काम भी करता था। मृतक के मामा सचिन यादव की तहरीर पर मुख्य आरोपी शुभम उपाध्याय सहित सूरजभान, देवेश, अतुल सिंह यादव, शंशाक पंडित, यश पांडेय और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है। इसके अलावा एसओजी व सर्विलांस टीम भी लगी हुई हैं। फव्वारा चौराहे के सीसीटीवी कैमरे में मुख्य आरोपी शुभम उपाध्याय द्वारा गोली चलाने का फुटेज मिला है। वहीं भाजपा का झंडा लगे स्कार्पियो का नंबर प्लेट जांच में फर्जी होने की पुष्टि हुई है। मुख्य आरोपी शुभम उपाध्याय का आखिरी लोकेशन भुगियामऊ प्रतापगढ़ मिला था। इसके बाद कोई लोकेशन नहीं मिल सका है। पुलिस प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, चित्रकूट सहित अन्य जिलों में तलाश कर रही है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।