41 दिन में 60.74 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान
Prayagraj News - महाकुम्भ में संगम स्नान का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से स्नान शुरू होने के 41वें दिन तक 60.74 करोड़ श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। शनिवार को रात 8 बजे तक 1.43 करोड़ लोग त्रिवेणी...
महाकुम्भ में संगम स्नान को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा। 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा के साथ संगम में स्नान का सिलसिला शुरू होने के 41वें दिन शनिवार को डुबकी लगाने वालों की संख्या 60.74 करोड़ पहुंच गई। शनिवार को रात आठ बजे तक 1.43 करोड़ आस्थावानों ने त्रिवेणी में पुण्य स्नान किया। जिस प्रकार से श्रद्धालुओं के आने की कतार लगी हुई है महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व तक यह संख्या 65 करोड़ पार करने का अनुमान है। शनिवार को सुबह से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जहां 31.34 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था तो वहीं शनिवार सुबह आठ बजे तक यह संख्या 33.10 लाख पहुंच गई थी। दिन निकलने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। शनिवार को दस बजे तक 51.61 लाख, दो बजे तक 89 लाख जबकि चार बजे तक 1.11 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। वीकेंड पर एक बार फिर भीड़ बढ़ने के कारण शहर में जगह-जगह बैरिकेडिंग करनी पड़ गई।
रविवार को और अधिक श्रद्धालुओं के स्नान की उम्मीद जताई जा रही है। ये स्थिति तब है जबकि दस दिन पहले ही कल्पवासी लौट चुके हैं। पूर्व के वर्षों में अब तक जहां मेले में जगह-जगह पुआल जलने का धुंआ उठने लगता था वहीं इस साल आम दिनों में भी स्नान पर्व की तरह रौनक बनी हुई है। काली सड़क पर श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। संगम नोज पर 24 घंटे स्नान का क्रम बना हुआ है। शहर की सड़कों पर भी 24 घंटे पैदल ही लोगों की आवाजाही देखी जा सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।