Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsMassive Coconut and Cloth Offerings at Kumbh Mela Millions Participate in Rituals

मिनटों में गायब हो जाते हैं लाखों नारियल और चुनरी

Prayagraj News - महाकुम्भ के दौरान लाखों श्रद्धालु संगम में नारियल और चुनरी चढ़ा रहे हैं। नगर निगम की बोट से प्रवाहित पूजन सामग्री को साफ किया जा रहा है। श्रद्धालु बोट के पास पहुंचते ही नारियल और चुनरी की लूट शुरू हो...

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराजMon, 24 Feb 2025 11:21 AM
share Share
Follow Us on
 मिनटों में गायब हो जाते हैं लाखों नारियल और चुनरी

महाकुम्भ नगर। सामान्य दिनों में स्नान करने वाले हजारों श्रद्धालु संगम में फूल-माला के साथ नारियल और चुनरी चढ़ाते हैं। वहीं महाकुम्भ में लाखों लोग प्रतिदिन नारियल और चुनरी चढ़ा रहे हैं। बोट से गंगा में प्रवाहित होने वाली पूजन सामग्री के साथ नारियल और चुनरी भी निकाली जाती है। नारियल और चुनरी को एक स्थान पर रखा जाता है। मिनटों में नारियल और चुनरी गायब हो जाती है। नगर निगम की दो बोट महाकुम्भ के दौरान संगम में तैरने वाली पूजन सामग्री साफ कर रही है। दोनों बोट से एकदिन में कई बार संगम के प्रवाह से निकाली गई पूजन सामग्री नए यमुना पुल के नीचे रखी जाती है। महिलाएं-पुरुष बोट के आने का इंतजार करते हैं। बोट के पूजन सामग्री नीचे रखते ही नारियल और चुनरी की लूट शुरू हो जाती है।

पुल के नीचे से नारियल चुनरी को ले जाते देख सकते हैं, लेकिन इनका करते क्या हैं, पता नहीं चला। पुल के नीचे नारियल और चुनरी लेने के लिए खड़ी 17 साल की आलिया ने भी कुछ बताने से इनकार कर दिया। महेवा निवासी राजू से भी नारियल और चुनरी के उपयोग के बारे में पूछा गया तो वह भी कुछ नहीं बोला। नगर निगम के अ‌वर अभियंता राम सक्सेना ने बताया कि नारियल और चुनरी छोड़कर बाकी पूजन सामग्री ट्रीटमेंट के लिए प्लांट भेज दिया जाता है। अवर अभियंता को भी नहीं पता कि नारियल और चुनरी कहां जाती है।

धर्म ग्रंथ के साथ मिल रहीं मूर्तियां

महाकुम्भ में संगम स्नान करने वाले श्रद्धालु पूजन सामग्री के साथ धर्म ग्रंथ और देवी-देवताओं की मूर्तियां भी संगम में प्रवाहित कर रहे हैं। संगम में प्रवाहित की जाने वाली पूजन सामग्री के साथ धर्म ग्रंथ और मूर्तियों को भी निकालकर नए यमुना पुल के नीचे रखा जाता है। धर्म ग्रंथ और मूर्तियां भी लोग उठा ले जा रहे हैं।

पूजन सामग्री में आधा से अधिक नारियल

संगम में प्रवाहित होने वाली पूजन सामग्री में आधा से अधिक नारियल होता है। महाकुम्भ के दौरान प्रतिदिन 250 क्विंटल पूजन सामग्री संगम से निकल रही है। इनमें लगभग 150 क्विंटल नारियल होता है। नगर निगम के कर्मचारी बताते हैं कि प्रवाह क्षेत्र से अक्सर कपड़े और घरों में उपयोग होने वाले अन्य सामान भी निकलते हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें