होली के बाद वापसी की जद्दोजहद, ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची
Prayagraj News - प्रयागराज में होली मनाने के लिए आए हजारों लोग अब लौटने की कोशिश कर रहे हैं। 16 मार्च को प्रमुख रूटों पर ट्रेनों में भारी भीड़ देखी गई। कई ट्रेनों में सीटें नहीं थीं और अन्य में लंबी प्रतीक्षा सूची थी।...
होली का पर्व मनाने के लिए प्रयागराज पहुंचे हजारों लोग अब लौटने की जद्दोजहद में हैं। रविवार (16 मार्च) को प्रयागराज से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद समेत प्रमुख रूटों पर जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन गई, जबकि अन्य में लंबी प्रतीक्षा सूची दर्ज की गई। महाकुम्भ के बाद पहली बार इस सीजन में ट्रेनों में इतनी ज्यादा भीड़ देखने को मिली है। ट्रेन और बस से लौटने वालों की भीड़ शनिवार को कम रही। माना जा रहा है कि रविवार और सोमवार से वापसी करने वालों की भीड़ उमड़ेगी। स्पेशल ट्रेनों में भी जगह नहीं है। तत्काल और सुपर तत्काल टिकट के लिए लोग परेशान दिखे। शुक्रवार और शनिवार की सुबह ही आरक्षण काउंटर पर तत्काल टिकट कराने वालों की कतार लगी रही। झूंसी निवासी राजमाली शुक्रवार भोर में भी झूंसी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए पहुंच गए। सुबह आठ बजे वह काउंटर पर पहुंचे और तत्काल में गुवाहाटी जाने के लिए उनका कंफर्म टिकट मिल गया जबकि कई को निराशा हाथ लगी। तत्काल कोटे की सभी बर्थ फुल हो गईं। शनिवार को सिविल लाइंस और जीरो रोड बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ नजर नहीं आई। हालांकि शाम होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ी। सिविल लाइंस बस अड्डे के एआरएम जयकरण ने बताया कि लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, कानपुर समेत कई शहर के लिए बसें चलाई जा रही हैं। होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए रिजर्व में बसें रखी गई हैं।
होली पर दो दिन में 1748 यात्री आये
प्रयागराज एयरपोर्ट पर भी यात्रियों की भीड़ नजर नहीं आई। होली पर दो दिनों में हवाई यात्रा से 1748 यात्री प्रयागराज पहुंचे। शनिवार को छह विमानों का आवागमन हुआ। इनमें इंडिगो की पांच और अकासा का एक विमान शामिल रहा। इन विमानों से 896 यात्रियों ने प्रयागराज एयरपोर्ट पर लैंड किया। वहीं इतने ही विमानों से 851 यात्रियों ने दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरी। इससे पूर्व शुक्रवार को होली के दिन विमानों की संख्या भी कम हो गई थी। शेड्यूल की पांच विमानों में इंडिगो की चार और अकासा एयर की एक विमान का संचालन हुआ। प्रयागराज एयरपोर्ट पर विभिन्न शहरों से 852 यात्री आए और 631 यात्रियों ने दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।