खुसरोबाग के यात्री आश्रय को पांच रंगों में बांटा
Prayagraj News - मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के जीएम उपेंद्र चंद्र जोशी और डीआरएम हिमांशु बडोनी ने प्रयागराज जंक्शन और खुसरोबाग का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं को यात्री...

मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के जीएम उपेंद्र चंद्र जोशी और डीआरएम हिमांशु बडोनी ने प्रयागराज जंक्शन और खुसरोबाग में बने यात्री आश्रय का निरीक्षण किया। हिमांशु बडोनी ने जीएम को बताया कि जंक्शन की ओर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को यात्री आश्रय शेड के माध्यम से ही प्रवेश दिया जाएगा। यात्री आश्रय शेड में स्थान न होने की स्थिति में खुसरोबाग का प्रयोग यात्री आश्रय के रूप में किया जाएगा। खुसरोबाग के दो गेटों से जंक्शन आने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद इस आश्रय में ही उनको पांच अलग-अलग रंगवार यात्री आश्रय में दिशावर तरीके से बांट दिया जाएगा। इससे प्रयागराज जंक्शन पर आने वाले श्रद्धालुओं को उनकी दिशाओं में भेजने का कार्य सहजता से किया जा सकेगा। इसकी कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। इस दौरान जीएम ने आश्रय में उपलब्ध सुविधाओं, लगाए गए साइनेज आदि के विषय में भी जानकारी ली। खुसरोबाग में समुचित संख्या में शौचालय, पेयजल की व्यवस्था, उद्घोषणा के साथ ही खोया पाया केंद्र भी बनाया जा रहा है। यहां पर इस्कॉन संस्था की ओर से प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।