सलोरी-हेतापट्टी पुल मंजूर, गंगा-यमुना पर बनेंगे तीन नए पुल
Prayagraj News - महाकुम्भ क्षेत्र में मंत्रिमंडल की बैठक में 780 करोड़ की लागत से गंगा पर सलोरी-हेतापट्टी पुल के निर्माण को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, गंगा पर शास्त्री पुल के समानांतर नया पुल और यमुना पर भी दो नए पुलों...

महाकुम्भ नगर, मुख्य संवाददाता। महाकुम्भ क्षेत्र में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में शहरियों को बड़ी सौगात मिली है। शहर के आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने और सुदीर्घ विकास के मद्देनजर लगभग 780 करोड़ की लागत से गंगा नदी पर बनने वाले सलोरी-हेतापट्टी पुल को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही गंगा पर प्रयागराज से झूंसी को जोड़ने वाले शास्त्री पुल के समानांतर एक नया पुल बनाने की सहमति दी गई। यमुना पर बने नए पुल (सिग्नेचर ब्रिज) के समानान्तर एक और पुल के साथ ही यमुना पर ही करेलाबाग से मड़ौका तक एक अन्य पुल बनाने पर सहमति बनी है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि ये पुल रोजगार के साथ ही आने वाले समय में यहां के नागरिकों के जीवनस्तर को और बेहतर बनाएंगे। इनका लाभ आने वाले सालों में मिलेगा। सलोरी-हेतापट्टी पुल के लिए शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेई काफी समय से प्रयासरत थे। नवंबर में फूलपुर विधानसभा के उपचुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी दीपक पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा में भी मुख्यमंत्री ने सलोरी-हेतापट्टी पुल के निर्माण का आश्वासन दिया था। सलोरी-हेतापट्टी मार्ग पर गंगा पर पुल के निर्माण के लिए लगभग 780.78 करोड़ का प्रस्ताव राज्य सेतु निगम लिमिटेड के मुख्य परियोजना प्रबंधक (प्रयागराज) की ओर से सात जनवरी 2024 को वित्तीय वर्ष 2024-25 की दीर्घ नदी सेतुओं की कार्ययोजना में शामिल करने के लिए भेजा गया था। मंत्रिमंडल की बैठक में इस पुल को मंजूरी मिलने के साथ ही गंगा और यमुना पर तीन पुल के निर्माण की सहमति बनी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि यमुना पर सिग्नेचर ब्रिज (नए पुल) के समानान्तर एक पुल के साथ ही करेलाबाग-मड़ौका पर एक पुल पर सहमति बनी है। गंगा पर शास्त्री पुल के समानान्तर भी एक पुल बनेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।