लोकतंत्र को खोखला करने वालों के खिलाफ हों एकजुट: संजय सिंह
Prayagraj News - आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रयागराज में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का संघर्ष लोकतंत्र को कमजोर करने वाली राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ है। उन्होंने...
प्रयागराज वरिष्ठ संवाददाता आम आदमी पार्टी का संघर्ष उन राष्ट्र विरोधी ताकतों से है जो लोकतंत्र को लगातार कमजोर कर देश को खोखला करने का कार्य कर रहीं हैं। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय होना होगा। जनता के बीच जाकर उन तक अपनी बातों को रखना होगा और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों को उन्हें बताना होगा। यह बातें आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को कही। दो दिवसीय संकल्प शिविर में शिरकत के लिए प्रयागराज आए सांसद ने तुलारामबाग में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि आम आदमी पार्टी ने शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर दिल्ली में सरकार बनाकर लोगों को राहत देने का काम किया।
हर वर्ग चाहे वो महिलाओं की बस यात्रा फ्री करनी हो या बिजली पानी जैसी आमजन से जुड़ी सुविधाओं को उन तक पहुंचाया। संजय सिंह कार्यक्रम के बीच कई गीतों के जरिए कार्यकर्ताओं के बीच जोश भरते रहे। पटपड़गंज से पूर्व आप प्रत्याशी अवध ओझा ने तमाम मुद्दों पर पदाधिकारियों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब लोकतंत्र मजबूत होता दिखता है, तब-तब सत्ता सांप्रदायिक ताकतों को हवा देकर राष्ट्रवाद को कुचलने का दुष्चक्र रचती है। सांप्रदायिकता देश के लिए जहर है और इस जहर से देश को बचाने की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता और हर समझदार आदमी पर है। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे, काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी, पूर्वांचल प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव, जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने विचार रखे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।