राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व महानगर संघ चालक पंचतत्व में हुए विलीन
Prayagraj News - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व महानगर संघ चालक 90 वर्षीय डॉ. शालिग्राम का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रसूलाबाद घाट पर किया गया। वे आयुर्वेद के प्रचारक रहे और 'गाव:सर्वसुखप्रदा:' नामक पुस्तक के...

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व महानगर संघ चालक 90 वर्षीय डॉ. शालिग्राम पंचतत्व में विलीन हो गए। मंगलवार को शाम छह बजे रसूलाबाद घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। ज्येष्ठ पुत्र सुदेश ने मुखाग्नि दी। शालिग्राम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रयाग महानगर के पूर्व संघ चालक होने के साथ ही श्री जगन्नाथ महोत्सव समिति ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य रहे। कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। मुट्ठीगंज स्थित अपने आवास पर भोर चार बजे अंतिम सांस ली। श्री जगन्नाथ महोत्सव समिति ट्रस्ट के संयोजक राजेश केसरवानी ने बताया कि डॉ. शालिग्राम 1950 से आजीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। डॉ. मुरारजी त्रिपाठी ने कहा कि वह विश्व आयुर्वेद परिषद में सक्रिय पदाधिकारी रहे। 'गाव:सर्वसुखप्रदा:'नाम से 136 पृष्ठ की आयुर्वेद संबंधी पुस्तक भी लिखी थी। इसमें विभिन्न रोगों के उपचार में गोमूत्र के उपयोग का वर्णन किया गया है। आयुर्वेदिक औषधियों को बढ़ावा देने के लिए नैनी के पास उन्होंने आयुर्वेदिक बगीचा विकसित किया था, इसमें दुर्लभ औषधीय वृक्ष एवं जड़ी बूटियों के पौधे लगे हैं। उनके निधन पर संघ के विभाग संघ चालक प्रो. केपी सिंह, प्रो. राजबिहारी, नागेंद्र, आशीष, आलोक मालवीय, पूर्व कुलपति प्रो. राजाराम यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. नरेंद्र सिंह गौड़, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय के साथ अधिवक्ता परिषद के अशोक मेहता, संघ के विभूति द्विवेदी एवं आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद, भारतीय मजदूर संघ आदि संगठनों के पदाधिकारियों ने शोक संवेदना जताई है। संगठन ने निर्णय लिया है कि एक मई को शाम छह बजे सिविल लाइंस स्थित संघ कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।