योगी सरकार में अपराधियों के लिए कहर बनी पुलिस, 8 साल में पकड़े 130 आतंकी; 222 एनकाउंटर
- भाजपा सरकार के आठ साल के कार्यकाल में अपराधियों पर यूपी पुलिस कहर बनकर टूटी। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर यूपी पुलिस ने शिकंजा कसा।

भाजपा सरकार के आठ साल के कार्यकाल में अपराधियों पर यूपी पुलिस कहर बनकर टूटी। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर यूपी पुलिस ने शिकंजा कसा। इस दौरान यूपी पुलिस ने 930 अपराधियों पर रासुका लगाकर सख्ती की तो इनकी अपराध के जरिए कमाई गई 142 अरब की सम्पत्ति जब्त कर ली। आठ साल में पुलिस ने 222 बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया जबकि 8118 अपराधी घायल हुए। 20221 इनामी बदमाशों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। सरकार ने दावा किया कि जीरो टालरेंस नीति से नागरिकों को भयमुक्त करने का प्रयास सफल रहा है। एटीएस ने आठ सालों में 130 आतंकी पकड़े।
माफिया पर कसा शिकंजा
डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 से दिसम्बर 2024 तक चिन्हित 68 अपराधियों के लम्बित मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर 73 मामलों में 31 माफिया और उनके गिरोह के 74 बदमाशों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई। इनमें दो अपराधियों को फांसी की सजा सुनाई गई है। यूपी के 68 चिन्हित माफिया और गिरोह के 1408 सदस्यों के खिलाफ 795 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें 617 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त किए गए
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 359 अपराधियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्ती की गई। अब तक 27,425 अभियोगों, पॉक्सो अधिनियम के 11,254 अभियोगों और दहेज हत्या के 3,775 मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई है।
ऑपरेशन कन्विक्शन से बदमाशों को दिलाई सजा
डीजीपी ने बताया कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए जुलाई 2023 से दिसंबर 2024 तक ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान चलाया गया। इसके तहत 51 अभियुक्तों को मृत्युदंड, 6287 अपराधियों को आजीवन कारावास, 1091 अपराधियों को 20 वर्ष से अधिक की सजा, 3868 अपराधियों को 10 से 19 वर्ष तक की सजा और 5788 अभियुक्तों को पांच वर्ष से कम की सजा दिलाई गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।