दो माह में तीन पूर्व जिलाध्यक्षों की बसपा में वापसी
Pilibhit News - बसपा के जिलाध्यक्ष एलपी सागर को पदमुक्त कर देवस्वरूप आर्य को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी में हुए इस बदलाव से संगठन में खींचतान की चर्चा हो रही है। कुछ पूर्व जिलाध्यक्षों को पार्टी में वापस...

दिसंबर में बसपा जिलाध्यक्ष बनाए गए एलपी सागर को पार्टी हाईकमान ने पदमुक्त करते हुए पूर्व में जिलाध्यक्ष रहे देवस्वरूप आर्य को जिलाध्यक्ष की कमान दी है। वहीं पिछले दिनों निष्कासित किए गए एक पूर्व जिलाध्यक्ष समेत दो फिर से पार्टी में वापस लिया है। महज दो माह में ही जिलाध्यक्ष में हुए बदलाव के चलते जिला संगठन में खींचतान की चर्चाएं हो रही हैं। दिसंबर माह में अचानक बहुजन समाज पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने जिलें में चल रहे संगठन में बदलाव किया था। तब भगवान सिंह गौतम को पद मुक्त कर एलपी सागर को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद संगठन में मची खींचतान के चलते कुछ लोगों को पार्टी से दायित्व मुक्त कर निष्कासित कर दिया गया था। राजनीतिक गरमाहट इतनी बढ़ी थी कि बरेली से कोर्डिनेटरों ने आकर यहां जांच की और अपनी रिपोर्ट शीर्षस्थ पदाधिकारियों को दी थी। इसके बाद से लगातार ही पार्टी की गतिविधियों को गंभीरता से वॉच किया जा रहा था। इस बीच जिन लोगों पर पूर्व में अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई थी। उनके बारे में गुरुवार की रात एक पत्र जारी हुआ। इसके बाद बसपा नेता देव स्वरूप आर्य ने स्वलिखित प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी संगठन ने पूर्व में जिलाध्यक्ष रहे चंद्रशेखर आजाद, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवान सिंह गौतम और खुद उन्हें पार्टी में वापस लिया है। साथ ही प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया है कि देव स्वरूप आर्य अब जिले में पार्टी के नए जिलाध्यक्ष होंगे। वहीं बसपा के नेताओं के एक धड़ में इस आशय के दिशा निर्देश जारी होने के बाद असहज होने वाली स्थिति है। बसपा जिलाध्यक्ष देवस्वरूप आर्य ने बताया कि पार्टी संगठन ने पूर्व जिलाध्यक्षों की वापसी कराते हुए मुझे जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।