यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष की ताजपोशी टली, चुनाव पर लगा ब्रेक; पीयूष गोयल का दौरा भी रद्द
- पहले जनवरी के अंत तक नये प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अब यह फैसला फरवरी में होने की संभावना है। इसी के चलते प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल का 23-24 जनवरी को लखनऊ दौरा भी स्थगित हो गया।
BJP News: भारतीय जनता पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के लिए अभी कुछ और इंतजार करना होगा। यूपी भाजपा के नये मुखिया के चुनाव पर फिलहाल दिल्ली विधानसभा चुनावों ने ब्रेक लगा दिया है। पहले जनवरी के अंत तक नये प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की उम्मीद की जा रही थी, मगर अब यह फैसला फरवरी में होने की संभावना है। इसी के चलते प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल का 23-24 जनवरी को लखनऊ दौरा भी स्थगित हो गया।
भाजपा में संगठन चुनाव के चलते इन दिनों पर्व जैसा माहौल है। बूथ अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के बाद जिलाध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। हालांकि चहेतों को जिलाध्यक्ष बनवाने को सांसद-विधायकों के मैदान में कूदने और विभिन्न स्तर पर रायशुमारी के चलते जिलाध्यक्षों की घोषणा नहीं हो पा रही है। उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव आगे बढ़ जाने के चलते भी जिलाध्यक्षों के ऐलान की गति धीमी कर दी है।
कहा तो यह जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते यूपी संगठन के मुखिया पद पर कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। वहीं पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी नेतृत्व के दिल्ली चुनाव में व्यस्त होने के चलते प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर अंतिम निर्णय न हो पाने के कारण इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। ऐसे में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी अभी कुछ समय और अध्यक्ष बने रहेंगे।
यूपी में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त
जहां तक यूपी भाजपा के नये मुखिया का सवाल है कि दौड़ में तमाम बड़े-बड़े चेहरे हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और साध्वी निरंजन ज्योति के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और धर्मपाल सिंह के नाम प्रमुखता से हैं। धर्मपाल सिंह मौजूदा समय में कल्याण सिंह के बाद सबसे पुराने लोध चेहरे हैं। कुर्मियों को साधने के लिए पार्टी की एक लॉबी स्वतंत्रदेव सिंह की ताजपोशी चाहती है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भी जहां रेस में हैं, वहीं अमरपाल मौर्य, बाबूराम निषाद सहित कई अन्य दावेदार भी हैं। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, गोविंद नारायण शुक्ला, विजय बहादुर पाठक, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी जैसे ब्राह्मण चेहरे भी अध्यक्ष पद के संभावित चेहरों में शामिल हैं।