बोले मुजफ्फरनगर: 32 हजार की आबादी जलभराव से परेशान
Muzaffar-nagar News - बोले मुजफ्फरनगर: 32 हजार की आबादी जलभराव से परेशान
नगर पालिका का वार्ड-26 शहर का दिल कहा जाता है, जिसमें करीब 32 हजार की बड़ी आबादी निवास करती है। इनमें करीब 7,500 नागरिक मतदान का अधिकार रखते हैं। पॉश कॉलोनी ब्रह्मपुरी व साकेत कॉलोनी इसी वार्ड का हिस्सा है, जिसमें बारिश के समय सरवट क्षेत्र से आने वाले गंदे पानी के जलभराव के साथ ही अरोरा क्वार्टर्स के बाहर सड़क पर होने वाली अवैध वाहन पार्किंग मुसीबत का सबब है। इससे सटे सरवट व मल्हूपुरा क्षेत्र में पशु डेयरियां बहुतायत से हैं, जिनका गोबर नालियों में बहाया जाता है। इससे संक्रमण फैलने का भी खतरा यहां रहता है। स्थानीय लोग पालिका-प्रशासन से इन्हीं प्रमुख समस्याओं का समाधान चाहते हैं। नगर पालिका का वार्ड-26 शहर के बीचोबीच स्थित है, जिसे शहर का दिल भी कहा जाता है। इस वार्ड में पॉश कॉलोनी ब्रह्मपुरी के साथ ही साकेत कॉलोनी का भी कुछ हिस्सा समाहित है। इसके साथ ही पुरानी घास मंडी, हंडिया मोहल्ला व उत्तरी सिविल लाइन क्षेत्र भी इसी वार्ड का हिस्सा है। वार्ड सभासद देवेश कौशिक बताते हैं कि पूर्व में ब्रह्मपुरी से पुरानी घासमंडी तक अरोरा क्वार्टर्स के सामने खुला नाला था, जिसकी पटरी से होकर आवागमन होता था। लोगों की परेशानियाों के मद्देनजर नगर पालिका ने इस नाले को कवर कर सड़क बना दी थी, लेकिन कुछ लोगों ने इस मार्ग को अवैध वाहन पार्किंग में तब्दील कर दिया है। इस पूरे मार्ग पर गाड़ियां पार्क की जाने लगी हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इसके अलावा, सरवट व मल्हूपुरा क्षेत्र इस वार्ड से सटे हुए हैं, जहां से बरसात के समय में भारी मात्रा में गंदा पानी नाले की शक्ल लेकर ब्रह्मपुरी व साकेत कॉलोनी में आ जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी जलभराव हो जाता है। इससे यह पूरा क्षेत्र कई घंटे के लिए पूरी तरह टापू में तब्दील हो जाता है। वहीं, सरवट व मल्हूपुरा में पशु डेयरियां बहुतायत में हैं, जिनके पशुओं का गोबर डेयरी मालिक नालियों में ही बहा देते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में जबरदस्त गंदगी रहती है और हर समय संक्रामक रोग फैलने का खतरा बन जाता है। वहीं, ब्रह्मपुरी व साकेत कॉलोनी की मुख्य सड़कें टूटी-फूटी हैं, जिनका जल्द निर्माण कराए जाने की आवश्यकता है।
अवैध टैक्सी संचालन ने खड़ी की मुसीबतें : नगर पालिका के वार्ड-26 में पिछले करीब चार माह से एक नई समस्या अवैध टैक्सी संचालन के रूप में लोगों को परेशान करने लगी है। वार्ड निवासी बुजुर्ग शिवकुमार त्यागी का कहना है कि अवैध रूप से टैक्सी संचालित करने वाले लोगों ने क्षेत्र के साकेत कॉलोनी से होकर रेलवे पटरी से होते हुए हाईवे पहुंचने का नया मार्ग बना लिया है। एआरटीओ व पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए ये टैक्सी संचालक रात्रि में साकेत कॉलोनी मुख्य मार्ग से घुसते हैं और मस्जिद रोड से होकर रेलवे पटरी होते हुए सरवट फाटक और वहां से नसीरपुर रोड से होते हुए हाईवे तक जाने लगे हैं। पूरी रात ये अवैध टैक्सी चालक बड़ी स्पीड से होकर इस क्षेत्र में कुलांचे भरते हैं, जिनके हॉर्न की तेज आवाज से जहां सड़क किनारे रहने वाले लोगों की नींद खराब होती है, वहीं तेज स्पीड के चलते हादसे का भी भय बना रहता है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से तत्काल इस समस्या का संज्ञान लेकर निराकरण किए जाने की मांग की।
पालिका की जमीन पर हो रहा अवैध कब्जा : वार्ड-26 के सभासद देवेश कौशिक का कहना है कि पुरानी घास मंडी में अहिल्याबाई चौक से आते हुए ठीक सामने पालिका की खाली जमीन पड़ी हुई है। इस बेशकीमती जमीन पर किराए पर कबाड़ी की दुकान करने वाले व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया है। पालिका की बेशकीमती जमीन पर इस कबाड़ी का सामान फैला रहता है, जिसे हटाने के लिए कहे जाने पर विवाद किया जाता है। वार्ड सभासद ने नगर पालिका प्रशासन से उक्त बेशकीमती जमीन को कबाड़ी के कब्जे से मुक्त कराकर वहां पार्क बनवाए जाने की मांग की है।
शिकायतें और सुझाव
शिकायतें
- बरसात में सरवट व मल्हूपुरा से गंदा पानी सीधे ब्रह्मपुरी व साकेत कॉलोनी में घुस जाता है, जिससे पूरा क्षेत्र टापू में तब्दील हो जाता है।
- वार्ड से सटे सरवट व मल्हूपुरा में घरों में की गई डेयरियों से पशुओं का गोबर नालियो में बहा दिया जाता है, जिससे संक्रमण का खतरा है।
- ब्रह्मपुरी से अहिल्याबाई चौक जाने वाले मार्ग को दबंगों द्वारा अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील कर दिया है, जिससे मार्ग अवरूद्ध रहता है।
- अवैध टैक्सी संचालकों द्वारा चालान से बचने के लिए साकेत कॉलोनी मेन रोड को अवैध बाईपास बना दिया है, जो बड़ी समस्या है।
सुझाव
- सरवट व मल्हूपुरा से आने वाले गंदे पानी को नाला निर्माण कर वहां से निकाला जाना चाहिए, ताकि जलभराव से निजात मिल सके।
- आबादी क्षेत्र में पशु डेयरियां संचालित नहीं होनी चाहिए, जिसके शासनादेश भी हैं। सरवट व मल्हूपुरा में ऐसी डेयरियां बंद होनी चाहिए।
- अरोरा क्वार्टर्स के सामने वाली सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग की गई गाड़ियों को तत्काल प्रभाव से हटवाया जाना चाहिए।
- चालान से बचने के लिए साकेत कॉलोनी मुख्य मार्ग का इस्तेमाल करने वाले टैक्सी संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इन्होंने कहा
- सरवट व मल्हूपुरा से आने वाले गंदे पानी की रोकथाम के लिए नाले का निर्माण कराया जाएगा। घनी आबादी में खुली पशु डेयरियों को लेकर भी अभियान चलाया जाएगा। जल्द ही अन्य सभी समस्याओं के समाधान का भी प्रयास करेंगे।
मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन, नगरपालिका
- वार्ड में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। वार्ड की टूटी सड़कों पर जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। आगामी बोर्ड बैठक में वार्ड की समस्याओं को लेकर प्रस्ताव रखा जाएगा, और जल्द समाधान कराया जायेगा।
देवेश कौशिक, सभासद वार्ड-26
- ब्रह्मपुरी की मुख्य सड़क टूटी होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। नगर पालिका द्वारा सड़क का जल्द निर्माण करवाया जाना चाहिए।
योगेश शर्मा
- नालों में डेयरियों से गोबर आने के कारण सड़कों पर भी गंदगी जमा हो जाती हैं। प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।
अंजनी कुमार शर्मा
- शॉर्ट रास्ते के कारण गलियों से टैक्सी तेजी से गुजरती हैं, ट्रैफिक पुलिस को ऐसी गाड़ियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
शिवकुमार त्यागी
- अन्य वार्डों का पानी आने से बरसात में भारी जलभराव हो जाता हैं। इससे वार्ड के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
योगेन्द्र कुमार
- वार्ड में सभी के सीवर लाइन कनक्शन होने चाहिए, जिससे बरसात में होने वाले जलभराव से राहत मिल सके।
देवेंद्र सिंह राणा
- वार्ड की मुख्य सड़कें टूटी होने के कारण आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़कों का निर्माण होना चाहिए।
नरेश शर्मा
- वार्ड में बिजली के नए पोल लगा देने के बाद भी विभाग द्वारा लोहे के पोल नहीं हटाए गए है, जिनसे हादसे होने का खतरा बना रहता है।
दीपक मित्तल
- अरोरा क्वार्टर से मस्जिद तक अवैध पार्किंग की जाती है। ट्रैफिक पुलिस को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होती।
पंकज शर्मा
- वार्ड में अवैध पार्किंग की मुख्य समस्या हैं, जिसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नही हो पाया।
अमित गौतम
- वार्ड की सड़कें टूटी होने के कारण बरसात में पानी का जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
चंद्रमणि त्यागी
- अरोरा क्वार्टर रोड पर अवैध पार्किंग की जाती है, जिस कारण वाहन निकालनें मुश्किल हो जाते हैं।
महेश शास्त्री
- नालियों में गोबर आने से गंदगी जमा हो जाती है, जिससे बिमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है।
भूपेंद्र शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।