Hindi NewsUttar-pradesh NewsMuzaffar-nagar NewsSC ST Commission Members Hear Allegations of Exploitation Against Municipal Officials by Sanitation Workers

सफाई कर्मियों ने आयोग के सदस्य से की उत्पीड़न की शिकायत

Muzaffar-nagar News - नगर पालिका के सभागार में अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य महिपाल सिंह के समक्ष कई समस्याएं रखी

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगरFri, 28 Feb 2025 07:31 PM
share Share
Follow Us on
सफाई कर्मियों ने आयोग के सदस्य से की उत्पीड़न की शिकायत

शुक्रवार को नगर पालिका के सभागार में अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य महिपाल सिंह वाल्मीकि के समक्ष सफाई कर्मचारियों ने पालिका के अधिकारियों पर शोषण और उत्पीडन करने का गंभीर आरोप लगाया है। सफाई कर्मचारियों ने आयोग के सदस्य से विभिन्न मामलों में शिकायत की है। वहीं मुख्य मांगें भी उनके समक्ष रखी है। उधर एमआईटूसी कंपनी के द्वारा निकाले गये सफाई कर्मियों ने भी आयोग सदस्य के सामने अपनी शिकायत को रखा और शोषण के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की गई। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य महिपाल सिंह वाल्मीकि ने नगर पालिका के सभागार में सफाई कर्मचारी और पालिका के अधिकारियों के साथ बैठक की। सफाई कर्मचारी और वाल्मीकि समाज के अनेक नेताओं ने आयोग सदस्य के समक्ष सफाई कर्मचारियों के हितों को लेकर बात रखी। उन्होंने बताया कि निकायों में सफाई कर्मचारियों का शोषण और उत्पीडन हो रहा है। वाल्मीकि समाज के नेता दीपक गम्भीर ने भी सफाई कर्मचारियों की समस्या को उठाया। इसके साथ ही जितेन्द्र वाल्मीकि, संदीप कुमार, वंश वशिष्ठ, प्रिंस कुमार के साथ ही अन्य सफाई कर्मचारियों ने एमआईटूसी कंपनी के खिलाफ भी अपनी बात आयोग सदस्य के सामने रखते हुए आरोप लगाया कि कंपनी ने करोड़ों रुपये की हेराफेरी करते हुए कर्मचारियों के हक का पैसा हड़प कर लिया है। पालिका स्तर से कोई भी कार्यवाही कंपनी के खिलाफ नहीं की जा रही है। चमन लाल ढिंगान, राजू वैध, मदनलाल, राजेश उटवाल आदि सफाई कर्मचारी नेताओं ने आयोग सदस्य के सामने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन सफाई कर्मचारी संघ के चुनाव नहीं करा रहा है। आयोग सदस्य महिपाल सिंह वाल्मीकि ने नगर पालिका ईओ को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल प्रभाव से समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल पंवार, नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अतुल कुमर, सफाई निरीक्षक पलक्षा मैनवाल आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें