बोले मुजफ्फरनगर : दक्षिणी कृष्णापुरी में सड़कों की बदहाली एक बड़ी चुनौती
Muzaffar-nagar News - नगर पालिका के वार्ड-25 के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी में 16 हजार की आबादी है। मुख्य मार्ग जर्जर है, जिससे निवासियों और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लोग सीसीटीवी कैमरे और प्रवेश द्वार...
नगर पालिका के वार्ड-25 के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी में 16 हजार की आबादी है। कॉलोनी में मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इससे मोहल्लेवासियों के साथ ही राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मोहल्लेवासी सुविधाओं के साथ सुरक्षित माहौल के लिए प्रवेश द्वार व सीसीटीवी कैमरे लगवाने की भी मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही बरसात के समय होने वाले गंदे पानी की जलभराव की समस्या से भी लोग परेशान हैं। मुख्य मार्ग पर रखे ट्रांसफॉर्मर स भी खतरा बना है। शहर के प्रेमपुरी मार्ग पर स्थित वार्ड-25 के तहत मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी में अधिसंख्य आबादी बहुसंख्यक वर्ग से है, जबकि कॉलोनी के दो तरफ बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक आबादी निवास करती है। कॉलोनी का मुख्य मार्ग प्रेमपुरी मार्ग पर दक्षिणी खालापार से सटा हुआ है, जो पहले नाले की पटरी के रूप में था। करीब 15 साल पूर्व नगरपालिका द्वारा नाले को कवर करते हुए उस पर सड़क निर्माण करा दिया गया था। इसी मुख्य मार्ग से होकर दक्षिणी कृष्णापुरी में निवास करने वाले लोग आवाजाही करते हैं।
वार्ड सभासद राजीव शर्मा ने बताया कि कॉलोनी में आबादी बसने की शुरूआत करीब तीन दशक पहले हुई थी और वर्तमान में करीब 16 हजार लोग इस मोहल्ले में निवास करते हैं। कॉलोनी की मुख्य सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, जिससे आवाजाही में काफी परेशानी होती है। इस मार्ग को बनवाने के लिए एमडीए के अधिकारियों से वार्ता की जा रही है। वहीं, यह मुख्य मार्ग दो वार्डों के तहत आता है, जिसमें एक तरफ वार्ड-25 और दूसरी तरफ वार्ड-19 मौजूद है। वार्ड-19 के तहत आने वाले मुख्य मार्ग में सड़क के बीच तीन विद्युत ट्रांसफॉर्मर रखे हुए हैं, जिनसे एक ओर जहां यातायात प्रभावित होता है, वहीं बरसात के समय करंट उतरने व हादसा होने की भी आशंका बनी रहती है। ऐसे में स्थानीय लोग नगरपालिका व बिजली विभाग से इन ट्रांसफॉर्मरों को हटाने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही कॉलोनी के दो तरफ अल्पसंख्यक आबादी निवास करती है, जिससे कॉलोनीवासी सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए कॉलोनी के सभी मार्गों पर प्रवेश-द्वार व सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग कर रहे हैं, जिनके प्रस्ताव नगरपालिका की बोर्ड बैठक में रखे जाएंगे।
15 साल से नहीं हुई नाले की सफाई
मुजफ्फरनगर। मुख्य मार्ग का निर्माण करीब 15 साल पूर्व नाला कवर कराने के बाद बनवाया गया था, जिसके बाद से अब तक नाले की सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते मुख्य मार्ग पर बरसात के समय पर्याप्त जलनिकासी न होने के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके लिए मुख्य नाले की सफाई कराने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। वार्ड सभासद ने बताया कि कॉलोनी में पूर्व में पेयजल की समस्या थी, जिसके निदान के लिए वे अब तक क्षेत्र में दो ट्यूबवेल और चार सब-मर्सिबल पंप लगवाकर पेयजल आपूर्ति सुचारू करा चुके हैं। इसके साथ ही एक सबमर्सिबल पंप सौर ऊर्जा संचालित भी बनवाया गया है।
बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रख होगा समाधान
सभी वार्डों में प्रमुखता के साथ विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। वार्ड-25 की जो भी समस्याएं हैं, उनका बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा।
मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन, नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर
सुझााव और शिकायतें
1. कॉलोनी के मुख्य मार्ग का अविलंब प्रस्ताव बनाकर पुन: निर्माण कराया जाना चाहिए।
2. कॉलोनी के कवर कराए गए नाले की सफाई कराकर जलनिकासी सुचारू कराकर जलभराव की समस्या का निदान होना चाहिए।
3. कॉलोनी के सभी मार्गों पर प्रवेश द्वार बनवाकर वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने चााहिए, ताकि सुरक्षित माहौल बन सके।
4. बीच सड़क पर रखे ट्रांसफॉर्मर हटवाए जाने चाहिए, ताकि किसी भी तरह के हादसे से बचा जा सके।
1. कॉलोनी का मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है।
2. कॉलोनी के 15 साल पूर्व कवर कराए गए नाले की एक बार भी सफाई नहीं हुई है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।
3. कॉलोनी में सुरक्षित माहौल के मद्देनजर सभी मुख्य मार्गों पर प्रवेश-द्वार व सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है।
4. मुख्य द्वार पर बीच सड़क में ट्रांसफॉर्मर रखे हुए हैं, जिनसे करंट उतरने व हादसा होने की आशंका रहती है।
वर्जन...
मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए एमडीए से वार्ता की जा रही है। बीच मार्ग में रखे ट्रांसफॉर्मर का मामला वार्ड-19 के तहत है, जिसका उसी वार्ड के सभासद द्वारा समाधान कराया जा सकता है। कॉलोनी के सभी मार्गों पर प्रवेश-द्वार व सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए भी पालिका में प्रस्ताव पारित कर जल्द काम शुरू कराया जाएगा। ताकि समस्याओं का समाधान हो सके।
राजीव शर्मा, सभासद वार्ड-25
वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। जिससे समय से साफ-सफाई सुनिश्चित हो सके। हिमांशु
वार्ड में कालोनियों के मुख्य द्वार पर गेट का निर्माण कराया जाना चाहिए। जिससे कालोनियों में शरारती तत्वों पर प्रतिबंध लगाया जा सके। सचिन शर्मा
वार्ड की मुख्य सड़क टूटी हुई हैं। बरसात में निकासी न होने के कारण जलभराव की मुख्य समस्या वार्ड में हैं।
देवेंद्र शर्मा
दक्षिणी कृष्णापुरी की मुख्य सड़क जर्जर होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क का जल्द निर्माण होना चाहिए।
प्रवीण सैनी
वार्ड में सीवर लाइन नहीं होने के कारण बरसात में पानी का जलभराव हो जाता हैं। जल्द सीवर लाइन का निर्माण कराया जाना चाहिए।
संजय वर्मा
दक्षिणी कृष्णापुरी के मुख्य मार्ग के बीच में ही विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया गया है। जिससे बड़े वाहनों के आने जाने में काफी परेशानी होती हैं।
आशु गोयल
वार्ड में सुरक्षा के लिहाज से कालोनियों के मुख्य मार्गों पर गेट लगाए जाने चाहिए। सड़को का भी निर्माण कराया जाना चाहिए।
प्रदीप जैन
वार्ड ने बरसात के समय पानी का जलभराव हो जाता हैं। नगर पालिका स्तर से समस्या का समाधान कराया जाना चाहिए।
चरण सिंह पंवार
वार्ड ने बरसात के समय पानी का जलभराव हो जाता हैं। नगर पालिका स्तर से समस्या का समाधान कराया जाना चाहिए।
चरण सिंह पंवार
वार्ड का मुख्य मार्ग जर्जर होने के कारण काफी परेशानी होती हैं। बरसात में पानी का जलभराव भी हो जाता हैं।
सुमित
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।