अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को नगर निगम का नोटिस, 18 विभागों पर करोड़ों का टैक्स बाकी
- नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में लिखा गया है कि AMU के अधीन कुल 40 सम्पत्तियों के वितीय वर्ष-2024-25 में देय धनराशि 27 करोड़ 25 लाख 21 हजार 475 रुपए का बिल भेजा जा चुका है। 18 सम्पत्तियों पर 24 करोड़ 45 लाख 24 हजार 241 रुपए का भगत्तान अभी तक नगर निगम को प्राप्त नहीं हुआ है।

House tax outstanding on Aligarh Muslim University: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को नगर निगम ने 27.25 करोड़ से अधिक का हाउस टैक्स बकाया होने पर नोटिस जारी किया है। जिसके बाद टैक्स जमा करने के संबंध में एएमयू रजिस्ट्रार ने यूजीसी चेयरमैन को पत्र भेजा है। यूनिवर्सिटी के 18 अलग-अलग विभागों पर करोड़ों की बकाएदारी है। टैक्स चुकाने के लिए अलीगढ़ नगर निगम ने यूनिवर्सिटी को 15 दिन का समय दिया है।
नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में लिखा गया है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अधीन कुल 40 सम्पत्तियों के वितीय वर्ष-2024-25 में देय धनराशि रुपए 27 करोड़ 25 लाख 21 हजार 475 का बिल पूर्व में भेजा जा चुका है। जिसमें से 22 सम्पत्तियों का टैक्स अदा किया जा चुका है। शेष 18 सम्पत्तियों पर 24 करोड़ 45 लाख 24 हजार 241 रुपए का भगत्तान अभी तक नगर निगम को प्राप्त नहीं हुआ है। धनराशि का भुगतान नगर निगम को प्राप्त न होने की दशा में नगर निगम द्वारा नगर में उपलब्ध करायी जा रहीं सुविधाएं प्रभावित हो रही है। जिसके बाद एएमयू रजिस्ट्रार मो. इमरान की ओर से नगर निगम को हाउस टैक्स का भुगतान करने के लिए बजट की डिमांड करते करते यूजीसी चेयरमैन को पत्र भेजा है।
15 दिन का दिया गया समय
नगर निगम की ओर से चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि नोटिस प्राप्ति के 15 दिवस के अन्तर्गत नगर निगम को बकाए का भुगतान कराने का कष्ट करें। ऐसा नहीं करने पर नगर निगम अधिनियम-1959 में दी गई सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग कर कार्यवाही की जायेगी।
पूर्व में यूनिवर्सिटी का बैंक खाता हो चुका है फ्रीज
वर्ष 2019 में तत्कालीन नगरायुक्त सत्यप्रकाश पटेल द्वारा एएमयू पर हाउस टैक्स का 12 करोड़ से अधिक का बकाया होने पर एएमयू के भारतीय स्टेट बैंक के खाते को प्रतिबंधित कर दिया था।
क्या बोले अधिकारी
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरपी सिंह ने कहा कि एएमयू पर हाउस टैक्स का 24.45 करोड़ से अधिक का बकाया है। जिसको लेकर नोटिस जारी किया गया है।