विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
Moradabad News - मूंढापांडे थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका रमा की शादी संदीप कुमार से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद के चलते वह कुछ समय पहले घर से नाराज...

मूंढापांडे थाना क्षेत्र में शनिवार रात विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव देवीपुरा निवासी यशपाल ने अपनी बेटी रमा(24) की शादी मूंढापांडे के गांव रनियाठेर निवासी संदीप कुमार के साथ की थी। उसके दो बच्चे हैं। पति संदीप कुमार मोदीनगर में एक कंपनी में नौकरी करता है। बताया गया कि रमा पारिवारिक विवाद के कारण डेढ़ माह पूर्व घर से नाराज होकर चली गई थी। छह दिन पहले ही भाई उसे रनियाठेर छोड़कर गया था। शनिवार को रमा का भाई पवन उसके पास आया था। बताया गया कि रात करीब आठ बजे रमा की सास तारा खाना बना रही थी। ससुर नेत्रपाल घर से बाहर गए थे। उसी दौरान रमा अपने कमरे में जाकर दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के सहारे लट गई। काफी देर नजर नहीं आई तो सास और भाई ने ऊपर कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटक रही थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। एसएचओ मूंढापांडे राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम कराके शव मायके वालों को सौंप दिया है। महिला ने आत्महत्या क्यों की यह स्पष्ट नहीं है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।