बोले मुरादाबाद : इस बार पहले ही कर लो इंतजाम ताकि बारिश न बना पाए बंधक
Moradabad News - भोलानाथ कॉलोनी में जलभराव एक गंभीर समस्या बन गई है, जहां बरसात में पानी आठ से दस फिट तक भर जाता है। चार हजार की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जैसे संक्रामक बीमारियों का खतरा। स्थानीय...
शहर के बीचो-बीच स्थित भोलानाथ कॉलोनी में जलभराव एक बड़ी समस्या बनी हुई है। यहां बरसात में तो आठ से दस फिट तक पानी भर जाता है। करीब चार हजार की आबादी को भारी परेशानियों से जूझने के लिए मजबूर होना पड़ता है। घरों के अंदर कीड़े-मकौड़े घुसने से हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है। संक्रामक बीमारियों का भी खतरा मंडराता रहता है। आलम यह है कि कालोनी के लोग बारिश का नाम सुनते ही कांपने लगते हैं। कॉलोनी के हालात बेकाबू होने पर करीब पांच साल से प्रशासन लोगों को आने-जाने के लिए नाव की व्यवस्था करवा देता है। इससे पूर्व कॉलोनी में रहने वाले लोगों की जलभराव के बीच से होकर निकलना मजबूरी बना हुआ था। हालात तो उस वक्त खराब हो जाते थे जब बारिश के समय किसी की हालत बिगड़ जाती थी। बीमार व्यक्ति को चारपाई पर रखकर जलभराव के बीच से ही अस्पताल तक पहुंचाया जाता था। कई मामलों में तो लोगों की इलाज के अभाव में मौत तक हो गई। कुछ इसी प्रकार का हाल स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों का है। बच्चे भी जलभराव के बीच से ही निकलकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होते हैं। कुछ सालों से जरूर नाव से बच्चे स्कूल तक जा रहे हैं। कॉलोनी के लोगों में नगर निगम के खिलाफ भी जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि शिकायतें करते-करते थक गए, मगर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा सका। 20 साल पूर्व बसी भोलानाथ कॉलोनी में शुरु से ही जलराव की समस्या है। तब से बड़ी संख्या में अधिकारी से लेकर नेता बदल चुके, लेकिन जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका।
चुनाव के समय सिर्फ वोट मांगने आते हैं जनप्रतिनिधि
मुरादाबाद। कालोनी में रहने वाले लोगों में जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को भोलानाथ कालोनी की याद सिर्फ चुनाव के समय आती है। नेता वोट मांगने के लिए आते हैं।
चुनाव के वक्त सभी पार्टियों के नेता जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के बड़े-बड़े दावे भी करते हैं। कालोनी के लोगों का कहना है कि आगामी विधान सभा चुनाव में सिर्फ पार्टी के नेता को वोट दिया जाएगा जो कालोनी में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान कराएगा।
देते हैं हाउस और वाटर टैक्स, सुविधा के नाम पर शून्य
मुरादाबाद। भोलानाथ कॉलोनी के लोगों का कहना है कि वे हाउस और वाटर टैक्स भी देते हैं। नगर निगम सुविधाएं देने में नाकाम साबित हो रहा है। कॉलोनी में जलभराव का मुद्दा मीडिया की सुर्खियां बनता है। इसके बाद जिलाधिकारी से लेकर नगर आयुक्त और एसडीएम, तहसीलदार व अन्य अफसरों की टीम कालोनी का निरीक्षण करती है। डीएम अनुज सिंह ने भी कार्यभार संभालने के बाद भोलानाथ कालोनी का दौरा किया था। उन्होंने भी लोक निर्माण विभाग को अतिक्रमण को हटाए जाने के निर्देश भी दिए थे। लेकिन समाधान नहीं हुआ।
सुझाव
1. अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाए।
2. नाले पर अतिक्रमण को चिह्नित कर बुलडोजर से तोड़ा जाए।
3. अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया जाए।
4. नाले की चहारदीवारी ऊंची बनाई जाए। ताकि पानी बाहर न आ सके।
5. नाले की समय-समय पर तलीझाड़ सफाई कराई जानी चाहिए।
6. क्षतिग्रस्त 22 फिट के नाले की मरम्मत कराई जाए।
शिकायतें
1. चार हजार की आबादी सालों साल से जलभराव की समस्या से जूझ रही है।
2. क्षेत्रीय लोग समस्या के समाधान के लिए शिकायतें करते करते थक गए है। लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
3. क्षेत्रीय पार्षद हर बार बोर्ड बैठक में भी समस्या को उठाते रहे हैं।
4. हर बार समस्या को लेकर मिलते रहे हैं आश्वासन, निदान नहीं।
5. नाले की साफ-सफाई के लिए कर्मचारी आते ही नहीं हैं।
6. जलभराव की शिकायत करने पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।
भोलानाथ कॉलोनी में जलभराव की समस्या के लिए नाले पर जगह-जगह किया गया अतिक्रमण जिम्मेदार है। समस्या के समाधान के लिए चार दर्जन से अधिक पत्र जनप्रतिनिधियों और निगम अफसरों को लिख चुके हैं। आश्वासन ही आश्वासन मिले, अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया जा सका।
चंद्रभान सैनी, पार्षद वार्ड 43
हमारी भी सुनें
तीन साल से कालोनी में रह रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थित ठीक नहीं है। कालोनी में जलभराव की गंभीर समस्या है। बरसात के समय तो हालात बद से बदतर हो जाते हैं। समस्या का स्थाई समाधान कराया जाना चाहिए। -रूपा सैनी, कालोनी निवासी
कॉलोनी में दस वर्ष से रह रहे हैं। जलभराव के बीच जीवन यापन करना मजबूरी बन गया है। बरसात के समय तो हालात बेकाबू हो जाते हैं। घरों से बाहर निकलने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। समस्या का समाधान होना चाहिए। -शीतल रस्तोगी, कालोनी निवासी
अब तो बारिश का नाम सुनकर ही दिल में कंपकंपाहट शुरू हो जाती है। घरों के आगे कई-कई फिट पानी होने का दृश्य आंखों के सामने गहराने लगता है। जलभराव की समस्या का स्थाई रूप से समाधान किया जाना चाहिए। -स्वदेश सैनी, कालोनी निवासी
कालोनी में जलभराव के बीच जीवन यापन करना मजबूरी बन गया है। आर्थिक स्थित इतनी अच्छी नहीं है कि पॉश कालोनी में मकान ले सकें। नेताओं को समस्या का स्थाई समाधान कराना चाहिए। निगम अधिकारियों को भी लोगों के बारे में सोचना चाहिए।
-नीतू सैनी, कालोनी निवासी
लंबे समय से कालोनी में रह रहते हैं। जलभराव की समस्या तो यहां के लोगों के लिए अब आम हो गई है। क्योंकि शिकायतें करते-करते थक चुके हैं। प्रशासन नाव की व्यवस्था कर देता है, मगर स्थाई समाधान आज तक नहीं हो सका। -विनोद सैनी, कालोनी वासी
आठ साल से कालोनी में रहते चले आ रहे हैं। बारिश के समय जलभराव के बीच ही फर्म जाना मजबूरी बना है। कुछ समय से नाव की व्यवस्था होने से कुछ लाभ हुआ, मगर समस्या का पूरी तरह से समाधान कराया जाना चाहिए। -संतोष सिंह, कालोनी निवासी
पांच साल से कालोनी में रह रहे हैं। जरा सी बारिश में ही कालोनी में नरक जैसे हालात हो जाते हैं। बारिश का नाम सुनते ही कलेजा कांपने लगता है। नेताओं और अधिकारियों को गंभीर समस्या का स्थाई समाधान कराना चाहिए। -क्रांति ठाकुर, कालोनी निवासी
कालोनी में जलभराव बड़ी समस्या है। गंदे पानी के कारण पति के पैर में सैप्टिक हो गया। जमा पूंजी पति के इलाज में खर्च कर दी। अभी भी पैर ठीक नहीं है। जलभराव की समस्या को लेकर अधिकारियों और नेताओं को गंभीर होना चाहिए। -मीना देवी, कालोनी निवासी
किसी तरह एक-एक पैसा जोड़कर कालोनी में मकान बनवाया। जलभराव होने से हादसा होने की आशंका बनी रहती है। मकान की नींव में पानी घुसने से घर गिरने का डर सताता रहता है। बारिश के समय घर में कीड़े घुस जाते हैं।
-मनोहर देवी, कालोनी निवासी
कालोनी में जलभराव की समस्या के लिए अतिक्रमण जिम्मेदार है। सवाल उठता है कि अधिकारी नाले पर अतिक्रमण को हटाते आखिर क्यों नहीं। अतिक्रमण है तो उसे सख्ती से तोड़ना चाहिए। तभी जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।
-आशीष चौहान, कालोनी निवासी
कॉलोनी में लंबे समय से रह रहे हैं। जलभराव के बीच जीवन यापन करना अब यहां पर आम बात हो गया है। जनप्रतिनिधियों, निगम अफसरों और प्रशासनिक अफसरों को समस्या का स्थाई समाधान कराना चाहिए।
-लखन ठाकुर, कालोनी निवासी
कॉलोनी में करीब आठ साल से रह रहे हैं। चाऊमीन का ठेला लगाकर परिवार की गुजर-बसर करते हैं। बारिश के समय में कारोबार ठप हो जाता है। नेताओं को कालोनी के लोगों की समस्याओं का समाधान कराना चाहिए। -मनोज सैनी, कालोनी निवासी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।