दोपहर में बरसी आग, पारा 41 डिग्री पर दर्ज
Moradabad News - मुरादाबाद में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है, रविवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में तापमान 43...

जेठ की दहलीज पर गर्मी के पारे ने अपने तेवर तीखे कर लिए। रविवार को दोपहर के समय आसमान से जैसे आग बरसी। चिलचिलाती धूप और पश्चिम दिशा से चल रही गर्म हवा ने पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा दिया। रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने से देर रात और सुबह के समय भी खुशनुमा मौसम का एहसास खत्म हो गया। मुरादाबाद में तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है जिसके चलते तपिश भरी गर्मी प्रकोप की दस्तक हो गई है। रविवार को आसमान के पूरी तरह से साफ रहने के चलते पूर्वान्ह से ही गर्मी के तेवर काफी तीखे हो गए।
दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच आसमान से आग बरसने का एहसास हो उठा। दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जोकि औसत से एक डिग्री अधिक रहा। रात का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जोकि औसत से एक डिग्री ऊपर रहा। शाम और रात के समय भी गर्माहट बढ़ी महसूस की गई। इससे पिछले रविवार को काफी तेज बारिश होने और ओले पड़ने से मौसम सुहावना हो गया था। इसके बाद तीन दिन तक आसमान पर आंशिक बादल छाए रहने के चलते दिन के समय तपिश का माहौल काबू में बना रहा था। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक चिलचिलाती धूप और गर्म हवा का प्रभाव धीरे-धीरे करके और तेजी से बढ़ेगा जिसके चलते गर्मी के प्रकोप में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। अगले पांच दिनों में दिन का अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात के न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।