आज चांद दिखा तो इतवार को होगा पहला रोजा
Moradabad News - माहे रमजान नजदीक है, शनिवार को चांद देखने की उम्मीद है। मस्जिदों और मदरसों में तरावीह के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाजार में खजूर, खजले, और बैड़ की खरीदारी जोरों पर है। लोग चांद देखने के लिए...

माहे रमजान आने को है। उम्मीद जताई जा रही है कि शनिवार को चांद नजर आ जाएगा और तरावीह शुरू हो जाएंगीं। इतवार को पहला रोजा रहेगा। इसके लिए मस्जिदों और मदरसों से लेकर घरों तक इनकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। तरावीह के लिए सफे आदि भी साफ कर लिए गए हैं। कई मस्जिदों और मदरसों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। मस्जिदों से लेकर मदरसों तक में तरावीह के दौरान कुरान ए करीम सुनाने के लिए मौलाना और प्रति दिन कितने पारे सुनाए जाएंगे यह भी तय कर लिया गया है। इस्हाक मियां की मस्जिद में मुफ्ताजाब पांच पारे हर दिन सुनाए जाएंगे और तख्त वाली मस्जिद में मौलाना एहतासाब कुरान ए करीम के पांच पारे रोज सुनाएंगे। दीवान का बाजार स्थित मदरसा जामिया नईमिया में तीन, मौलसरी वाली मस्जिद और गुंबद वाली मस्जिदों में दो-दो पारे रोज सुनाए जाएंगे। लाल मस्जिद में तीन पारे सुनाए जाएंगे। मस्जिद रहीमुल्ला डेढ़ पारा, सुल्ताने मदीना में भी डेढ़ और तकिया बुद्धा शाह में भी दो पारे रोज सुनाए जाएंगे। मस्जिद मनिहारान में हाफिज अरफात दो पारे रोज सुनाएंगे। ख्वाजा वाली मस्जिद में तीन पारे हर दि न सुनाए जाएंगे। जामा मस्जिद एवं शाही मस्जिद में सवा-सवा पारा रोज सुनाया जाएगा। हिमगिरि कालोनी स्थित ख्वाजा करीम में हाफिज आकिल तीन पारे सुनाया करेंगे। झब्बू कानाल स्थित मस्जिद में भी तीन पारे सुनाए जाएंगे। सीधी सराय मरकज में डेढ़ और लाल मस्जिद में तीन पारे सुनाए जाएंगे।
खजूर वाली मस्जिद रहमत नगर में मुफ्ती अजीजुर रहमान दो पारे जबकि हामिद में सवा पारा, मस्जिद अबू उबैद मुफ्ती नोमान एक पारा रोज सुनाएंगे। छप्पर वाली मस्जिद वाली मस्जिद में मुफ्ती मोहम्मद फहीम एक पारा रोज सुनाया करेंगे।
चांद देखने का करे प्रयास : शहर इमाम
मुरादाबाद। शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आजाद एवं नायब शहर इमाम मुफ्ती फहाद अली ने लोगों का आह्वान किया है कि वह आज माहे रमजान उल मुबारक 1446 हिजरी का चांद देखने का एहतमाम करें। चांद नजर आने पर उन्हें इत्तला दें। ताकि माहे रमजान उल मुबारक का ऐलान किया जा सके।
माहे रमजान को लेकर सजे बाजार
मुरादाबाद। माहे रमजान नजदीक आते ही खजूर, खजले, बैड़ आदि के बाजार सजने लगे हैं। शुक्रवार को लोगों ने बाजारों में जमकर खरीदारी की। तहसील स्कूल इसका मुख्य केंद्र बना हुआ है। यहां 130 रुपये से लेकर 2150 रुपये किलो तक की खजूर खरीद सकते हैं। यहां से नई सड़क की ओर चले तो हर तरह की ब्रेड मिल जाएगी जो शहर में कहीं नहीं मिलेगी।
जामा मस्जिद पर भी लगे रहे बाजार
मुरादाबाद। माहे रमजान शुरू अभी नहीं हुआ है। मगर शुक्रवार को जामा मस्जिद का नजारा रमजान के जुमे जैसा रहा। शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आजाद और नायब इमाम मुफ्ती सैय्यद फहाद अली जैसे ही नमाज अदा कराने पहुंचे लोग उनसे हाथ मिलाने को बेताब नजर आए। मस्जिद के सभी रास्तों पर बाजार सजा रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।