गरमाया किराया बढ़ोतरी का मामला 12:00 बजे तक बंद रहा बाजार
Moradabad News - नगर निगम द्वारा दुकानों के किराए में वृद्धि के खिलाफ व्यापारियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना दिया और ज्ञापन सौंपा। शिवसेना नेता वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में व्यापारी...

नगर निगम द्वारा दुकानों का किराया बढ़ाने को लेकर व्यापारियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 12:00 बजे तक बाजार बंद रखकर विरोध जताया। बुध बाजार चौकी और कलक्ट्रेट पर धरना भी दिया। निगम अधिकारियों के खिलाफ भड़ास भी निकाली। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव को सौंपा। कहा कि नगर निगम के अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न करने पर आमादा हैं। बात तक सुनने को तैयार नहीं हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में व्यापारी शिवसेना नेता वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में इंपीरियल तिराहे पर एकत्र हुए। इसके बाद जुलूस की शक्ल में व्यापारियों ने बाजार को बंद करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा बाजार बंद हो गया। बुध बाजार चौकी के सामने पहुंचने पर व्यापारी धरने पर बैठ गए। इससे वहां जाम के हालात बन गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने समझाकर यातायात सुचारू कराया। इसके बाद व्यापारी कलक्ट्रेट पहुंचे यहां भी उन्होंने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट तक धरना प्रदर्शन चलता रहा। इसके बाद जिलाधिकारी अनुज सिंह को संबोधित ज्ञापान सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया। कहा गया कि रविवार को जिलाधिकारी से व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की वार्ता की जाएगी इसके बाद ही व्यापारी आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इस दौरान राम गोपाल अरोड़ा, रतन भाटिया, अरुण गोयल, सुमित कत्याल, संदीप बजाज, सतीश ढल, गिरधर भाटिया, ऋषि बासन, के के धवन समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।