राज्य कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाल अर्पित की श्रद्धांजलि
Mirzapur News - मिर्जापुर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें आपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान कर्मचारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। यात्रा शहीद...

मिर्जापुर, संवाददाता। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की तरफ से रविवार की शाम नगर के शहीद उद्यान से तिरंगा यात्रा निकाल आपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर के नारघाट स्थित शहीद उद्यान में जुटे कर्मचारियों ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद आपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मण्डल अध्यक्ष नारायणजी दुबे ने कहाकि देश के सैनिकों ने अपने पराक्रम से साबित कर दिया कि वे अब पाकिस्तान को नेस्तनाबूंद करके ही दम लेंगे। जब भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान के एयरबेस को नष्ट कर दिए।
तब पाकिस्तान अमेरिका और चीन से गिड़गिड़ाने लगा। फिर भी देश के सैनिकों ने पाकिस्तान को यह बता दिया कि यदि अब जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाएं हुई तो उसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया जाएगा। इसके बाद शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण करने के बाद वापस शहीद उद्यान पहुंच कर समाप्त हो गई। तिरंगा यात्रा में परितोष दुबे, कमलकुंज चौबे, महेश दुबे, सतीश मिश्र, नीरज मालवीय, मृगेश यादव, ओम प्रकाश उपाध्याय, अंजू लता पाण्डेय, सीमा शुक्ला, पुनीत दुबे, कमल नयन, रितेश श्रीवास्तव, विशाल यादव, धर्मेंद्र पाण्डेय आदि कर्मचारी शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।