सड़क हादसे में मासूम समेत चार की मौत, दस जख्मी
Mirzapur News - मिर्जापुर, संवाददाता। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में मासूम समेत चार
मिर्जापुर, संवाददाता। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दस लोग जख्मी हो गए। दुर्घटना लालगंज, मड़िहान व जमालपुर थाना क्षेत्र की है। लालगंज संवाद अनुसार प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के तेंदुआ खुर्द गांव के लालसाहब के साढ़ू के लड़के की शादी दीपनगर में थी। वह परिवार संग बोलेरो से शादी में शामिल होने गए थे। रविवार को शादी समारोह से घर लौट रहे थे। बोलेरो में कुल दस लोग सवार थे। चालक बोलेरो लेकर जैसे ही लालगंज के गेरुआही गांव के पास पहुंचा। तभी ट्रैक्टर ने बोलेरो में टक्कर मार दिया।
हादसे में बोलेरो सवार अंकुश सिंह के दो वर्षीय पुत्र अंश सिंह की मौत हो गई जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। अन्य बाल बाल बच गए। दूसरी घटना लालगंज के नदिनी गांव के पास की है। विंध्याचल के मगरदा कला गांव निवासी 65 वर्षीय सुशीला देवी अपने पुत्र मुकेश के साथ मायके लालगंज के नदिनी गांव जा रही थीं। मायके से पांच सौ मीटर पहले मुकेश की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में सुशील देवी गंभीर रुप से जख्मी हो गई। परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने सुशीला को मृत घोषित कर दिया। जबकि पुत्र मुकेश को मामूली चोट आई। मृतका सुशीला देवी अपने मायके भतीजे के लड़के की शादी में शामिल होने जा रही थीं। ज मालपुर संवाद अनुसार तेतरिया गांव निवासी 55 वर्षीय इंद्रजीत सिंह रविवार की रात आठ बजे हनुमान मंदिर से दर्शन कर सड़क पार कर रहे थे। तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। गंभीर रुप से जख्मी इंद्रजीत को जमालपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डाक्टरों ने इंद्रजीत को मृत घोषित कर दिया। मृतक इंद्रजीत के पुत्र अक्षत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चंदौली के कटरिया निवासी बाइक चालक रणजीत यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पटेहरा संवाद अनुसार संतनगर थाना क्षेत्र के मुस्किरा गांव निवासी 35 वर्षीय उर्मिला प्रजापति अपने बड़े बेटे 15 वर्षीय गोलू संग घर से मड़िहान थाना क्षेत्र के बेलहरा अपनी बहन के घर जा रही थी। गोलू ने बताया कि ददरी से मिर्जापुर जा रही वाहन में डेढ़ दर्जन लोग सवार थे। मां भी उसी वाहन में सवार हो गई। मड़िहान के चुनरी बांध के सामने अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। वाहन पलटने से मां की दबकर मौत हो गई। राहगीरों की मदद से वाहन को हटाया गया। वाहन के नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकालकर मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।