बाइक के धक्के से सोनभद्र के मजदूर की मौत
Mirzapur News - विंध्याचल, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अमरावती चौराहा के समीप शनिवार की

विंध्याचल, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अमरावती चौराहा के समीप शनिवार की रात बाइक के धक्के से सोनभद्र के मजदूर की मौत हो गई। मृत मजदूर विंध्याचल मकान निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। सड़क पार करते समय हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनभद्र जिले के बभनी गांव निवासी 25 वर्षीय भगवानदास पुत्र देवमूरत मजदूर था। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। विंध्याचल में मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। भगवानदास उसी निर्माण कार्य में मजदूरी करने आया था। शनिवार की रात अमरावती चौराहे के पास किसी काम से गया था। चौराहे पर सड़क पार करने लगा। उसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे मजदूर को टक्कर मार दिया। बाइक की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रुप से जख्मी हो गया। घटनास्थल पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से मजदूर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई। डाक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। बाइक सवार विंध्याचल इलाके का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस की सूचना पर मृत मजदूर के परिजन भी पहुंच गए। इस संबंध में विंध्याचल कोतवाल अमित ने बताया कि बाइक के धक्के से मजदूर की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृत मजदूर के परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।