आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया में महिलाओं ने धांधली का आरोप मढ़ा
Mirzapur News - राजगढ़ में महिला अभ्यार्थियों ने आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि मानकों का उल्लंघन कर कार्यकत्रियों का चयन किया गया है।...

राजगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। महिला अभ्यार्थियों ने आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया में धांधली किये जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर जांच कराए जाने की मांग की है। महिला अभ्यार्थी का आरोप है कि मानकों का उल्लंघन कर कार्यकत्रियों का चयन किया गया है।
राजगढ़ विकास खंड के आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी समेत 243 आंगनबाड़ी केंद्र है। इसमे 69 आंगनबाड़ी का पद रिक्त था। शासन के निर्देश पर वर्ष 2024 में आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर चयन के लिए विज्ञप्ति निकाली गई थी। इसमें चयनित 51 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मड़िहान विधायक ने बीते मंगलवार को राजगढ़ विकास खंड के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरीत किए थे। वहीं चयन प्रक्रिया में वंचित क्षेत्र की अंजना सिंह, माया पाल, सीमा पटेल ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी व धांधली का आरोप लगाते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी का घेराव किया था।
क्षेत्र के बिशनपुर गांव की नंदिनी सिंह पत्नी राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ती चयन प्रक्रिया में धांधली किए जाने का आरोप लगाया है।अंजना सिंह, माया पाल,सीमा पटेल का आरोप है कि बाल विकास परियोजना विभाग से चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की फाइनल सूची में उनका नाम अंकित था। विभाग की ओर से दस्तावेज सत्यापन के लिए भी उन्हें बुलाया गया था। परंतु विकासखंड परिसर में मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान फाइनल सूची से उनका नाम निकाल दिया गया और उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया। इस संबंध में जब अभ्यर्थियों ने सीडीपीओ मीना गुप्ता से बात की तो वे गोल मटोल जवाब देने लगी। असंतुष्टि जताते हुए इन अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया में बरती गई धांधली की जांच कराने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।