शादी में मिले पांच लाख ठुकराए, बिन दहेज दुल्हन घर लाए
Meerut News - सरधना के कुशावली निवासी विहिप बजरंग दल के नेता मिलन सोम ने अपने भाई की शादी में दुल्हन के परिवार द्वारा दिए गए पांच लाख रुपये दहेज को ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि दुल्हन से बड़ा कोई धन नहीं है और समाज...

सरधना, संवाददता सरधना के गांव कुशावली निवासी विहिप बजरंग दल के नेता मिलन सोम ने मिसाल कायम करते हुए अपने भाई की शादी में दुल्हन के परिवार की तरफ से दहेज में दिए गए पांच लाख रुपये ठुकरा दिए। वह बिना दहेज भाई की दुल्हन को घर ले आए। उन्होंने कहा कि दुल्हन से बड़ा कोई धन नहीं है। उन्होंने दहेज का विरोध किया और समाज के लोगों से बिना दहेज शादी करने की अपील की।
गांव कुशावली निवासी मिलन सोम विहिप बजरंग दल के पूर्व प्रांतीय सुरक्षा प्रमुख हैं। रविवार को उनके भाई विशाल सोम की शादी थी। गंगानगर निवासी ठाकुर नरेश चौहान के यहां बारात गई थी। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का जोरदार स्वागत किया। विधि विधान से शादी की सभी रस्में पूरी की गईं। जैसे ही टीके के दौरान दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को पांच लाख रुपये देने चाहे तो मिलन सोम ने हाथ जोड़ते हुए पैसे लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने पैसे लौटाते हुए दहेज प्रथा का विरोध किया। उन्होंने कहा कि दुल्हन से बढ़कर कोई धन नहीं है। मिलन सोम के परिवार ने समाज के लोगों से दहेज रहित शादी करने की अपील की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।