दहेज में कार और बुलेट न मिलने पर निकाह होते ही दिया तलाक
Meerut News - रोहटा गांव में एक दूल्हे ने निकाह के एक घंटे बाद दुल्हन को तीन तलाक दे दिया। दूल्हे ने कार, बुलेट और जेवर की मांग की थी, जिसे पूरा न करने पर हंगामा हुआ। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके भाई को बंधक बना...

रोहटा। रोहटा गांव में मंगलवार की रात कार, बुलेट और जेवर की मांग पूरी नहीं होने के बाद निकाह के एक घंटे बाद ही दूल्हे ने दुल्हन को तीन तलाक दे दिया। इसको लेकर वहां हंगामे की स्थिति बन गई। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके भाई की बंधक बनाकर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद थाने में दूल्हे, उसके भाई और बहनोई को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने दूल्हा और उसके भाई को हिरासत में ले लिया। बुधवार दोपहर पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दूल्हा बिना दुल्हन के लौट गया। गांव रोहटा निवासी अखलाक की बेटी की शादी इस्लामनगर गाजियाबाद निवासी आमिर से तय हुई थी। एक अप्रैल को सगाई की रस्म अदा की गई। 15 अप्रैल मंगलवार को तय समय पर बारात रोहटा पहुंच गई। तमाम रस्मों के बाद दूल्हा-दुल्हन का निकाह हो गया। निकाह के एक घंटे बाद विदाई से पहले दूल्हे आमिर ने अपने लिए कार, बहनोई चांद के लिए बुलेट और भाई फरहान के लिए सोने की चेन व अंगूठी आदि की मांग रख दी। इस पर दुल्हन के परिवार वाले परेशान हो गए। मान मनौव्वल के बाद भी दूल्हा नहीं माना और मांग पूरी नहीं होने पर दुल्हन को तीन तलाक दे दिया।
तलाक के बाद मौके पर हंगामा हो गया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे आमिर और उसके भाई फरहान को बंधक बनाकर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद दूल्हे, उसके भाई और उसके बहनोई के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दूल्हे आमिर और उसके भाई फरहान को हिरासत में ले लिया। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में वार्ता हुई। बाद में दोनों पक्षों में समझौत हो गया और दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।