सना भारतीय, बच्चे पाकिस्तानी, बाघा बॉर्डर से लौटा दिया
Meerut News - मेरठ के सरधना में सना अजीब कश्मकश में हैं। पाकिस्तान से 45 दिन के वीजा पर आई सना के बच्चे पाकिस्तानी पासपोर्ट पर हैं, लेकिन सना का पासपोर्ट भारतीय है। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सना को वाघा बॉर्डर...

मेरठ/सरधना। पाकिस्तान से अपने दो बच्चों के साथ 45 दिन के वीजा पर मेरठ के सरधना स्थित अपने मायके आई सना अजीब कश्मकश में फंस गई हैं। सना का पासपोर्ट भारत का है, जबकि उसके दो मासूम बच्चों के पासपोर्ट पाकिस्तान के हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सना को पाकिस्तान जाने में परेशानी हो रही है। पासपोर्ट के आधार पर उसके बच्चों को तो पाकिस्तान में एंट्री दी जा रही है, लेकिन उसे रोक दिया गया। सना ने मासूम बच्चों का हवाला देकर बॉर्डर पर तैनात अधिकारियों से उसे पाकिस्तान भेजने की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। फिलहाल सना परिजनों के साथ वाघा बॉर्डर से वापस अपने मायके सरधना लौट आई हैं। अधिकारियों ने जल्द कोई व्यवस्था कराकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
मेरठ जिले के सरधना के मोहल्ला घोसियान निवासी सना पुत्री पीरूदीन की शादी पाकिस्तान में हुई है। सना के दो बच्चे हैं। एक बेटा तीन वर्ष और एक बेटी छह माह की है। दस दिन पहले सना 45 दिन का वीजा लेकर भारत आई थीं। इस बीच कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से आए लोगों को 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश जारी कर दिया। सना अपने दोनों बच्चों के साथ गुरुवार देर रात पाकिस्तान जाने के लिए वाघा बॉर्डर पहुंचीं। लेकिन सना का पासपोर्ट भारत का होने के कारण उन्हें पाकिस्तान जाने से रोक दिया गया। जबकि दोनों बच्चों को पाकिस्तान जाने की इजाजत मिल गई। बच्चों के पासपोर्ट जन्म के आधार पर पाकिस्तान के बने हुए हैं। सना ने बच्चों को अकेले भेजने से इनकार कर दिया। बाद में सना ने एलआईयू के अधिकारियों से संपर्क किया और मासूम बच्चे होने का हवाला दिया। फिलहाल अधिकारियों ने उन्हें कुछ समय देने की बात कही है। कहा कि कोई समाधान निकाला जाएगा। सना का अभी 35 दिन का वीजा शेष है, जिसके चलते उसे वापस सरधना स्थित घर भेज दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।