होलिका दहन 13 मार्च को रात्रि 11.29 बजे के बाद होगा शुरू
Meerut News - मेरठ में होली का पर्व 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को रंग के पर्व के रूप में मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य विभोर इंदूसुत के अनुसार, 13 मार्च को पूर्णिमा सुबह 10:35 बजे शुरू होगी। होलिका दहन का शुभ...

मेरठ। वरिष्ठ संवाददाता होली के पहले दिन होलिका दहन और दूसरे दिन रंग का पर्व मनाया जाता है। हिन्दू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को होलिका-दहन किया जाता है, जिसे छोटी होली भी कहते हैं। अगले दिन चैत्र कृष्ण प्रतिपदा में दुल्हैंडी का पर्व मनाया जाता है। इस बार 13 मार्च गुरुवार को होलिका-दहन किया जाएगा और 14 मार्च को रंग का त्योहार मनाया जाएगा।
ज्योतिषचार्य विभोर इंदूसुत ने बताया 13 मार्च को उदय तिथि चतुर्दशी है लेकिन 13 मार्च को सुबह 10:35 बजे पूर्णिमा लग जाएगी। 13 मार्च की सुबह 10:35 से 14 मार्च दोपहर 12:24 तक पूर्णिमा व्याप्त रहेगी। संध्याकाल के समय पूर्णिमा 13 मार्च को उपस्थित रहेगी। इसलिए होलिका दहन 13 मार्च को किया जाएगा। इस बार 13 मार्च होलिका दहन वाले दिन सुबह 10:35 बजे से रात 11:29 बजे तक भद्रा रहेगी।
होली पूजन का शुभ मुहूर्त
13 मार्च को सुबह 10:35 बजे पूर्णिमा तिथि शुरू हो जाएगी। 13 मार्च को दिन में होलिका पूजन सुबह 10:35 बजे के बाद कभी भी कर सकते हैं। 13 मार्च की दोपहर 1:30 से 3 बजे तक राहुकाल रहेगा। इसलिए दिन में किया जाने वाला होली पूजन सुबह 10:35 बजे से दोपहर 1:30 तक के बीच कर लें या फिर दोपहर 3 बजे के बाद करें।
होलिका दहन पर विशेष मुहूर्त 11.29 के बाद
विभोर इंदूसुत के अनुसार प्रदोषकाल में होली दहन की परंपरा है। 13 मार्च होलिका दहन वाले दिन सुबह 10:35 बजे से रात 11:29 बजे तक भद्रा भी उपस्थित रहेगी और नियमानुसार भद्रा काल में होली दहन नहीं किया जाता। 14 मार्च को पूर्णिमा तिथि दिन में समाप्त हो जाएगी। प्रदोषकाल तक नहीं रहेगी इसलिए पूरी परिस्थिति को देखते हुए शास्त्र नियमानुसार 13 मार्च की रात 11 बजकर 29 मिनट पर भद्रा समाप्त होने के तुरंत बाद होलिका दहन किया जाएगा।
होलिका दहन का समय रात्रि 11.30 बजे से शुरु
ज्योतिषचार्य भारत ज्ञान भूषण के अनुसार 13 मार्च दिन गुरुवार को पूर्णिमा प्रातः 10:38 पर धृति योग, भूल योग, वणिज करण, विष्टि करण, पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में प्रारंभ होकर 14 मार्च, शुक्रवार दोपहर 12:27 बजे तक रहेगी। भद्रा भी 13 मार्च को प्रातः 10:38 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि 11:30 बजे पर समाप्त हो जाएगी। होलिका दहन का शुभ समय मध्य रात्रि में 11:30 से 01:04 बजे तक किया जाना उचित रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।