बाज ने मारी चोंच, हमलावर हुईं मधुमक्खियां
Meerut News - चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में मधुमक्खियों के हमले के कारण एक सेवानिवृत्त जेई की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हुए। एक बाज की चोंच मारने की हरकत से मधुमक्खियां भड़क गईं, जिसके बाद विश्वविद्यालय...

मेरठ, प्रमुख संवाददाता चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिनों तक मधुमक्खियों के अचानक हमलावर होने का कारण हर कोई जानने को उत्सुक था। रविवार को जिस समय विश्वविद्यालय परिसर से मधुमक्खियों के छत्तों को हटाया जा रहा था, तभी वहां एक बाज फिर मधुमक्खियों के छत्ते पर पहुंचा और चोंच मारी। इसके बाद मधुमक्खियां भिनभिना उठीं। बाज की यह हरकत कैमरों में भी कैद हुई।
चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में मधुमक्खियों के हमले में एक सेवानिवृत्त जेई की मौत और 200 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना के बाद इसकी वजह हर कोई तलाशने में जुटा था कि आखिरकार मधुमक्खियां अचानक हमलावर क्यों हुई? हाल ही में एक वीडियो सामने आया। इसमें दिख रहा है कि एक बाज आया और मधुमक्खियों की छत्ते के आसपास मंडराते हुए छत्ते पर चोंच मारने लगा। बाज की हरकत से मधुमक्खियां बिगड़ गईं और उड़कर हमला करने लगीं। आखिरकार विश्वविद्यालय में मधुमक्खियों के हमले की वजह बाज को ही माना गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने खाली करा दिया था कैंपस
कैंपस को मधुमक्खियों के हमले से पूरी तरह अब सुरक्षित कर लिया गया है। रविवार सुबह छत्ते तोड़ने वालों को बुला लिया गया। इस कार्य के चलते विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार, हॉस्टल, लाइब्ररी आदि स्थानों पर सभी को पहले ही बता दिया था कि भीतर ही रहना है, उन्हें बाहर नहीं आना। इसी तरह से सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में भी इंतजाम किए गए थे।
कैंपस ऑल क्लियर कराने में इनका रहा योगदान
मधुमक्खियों के हमले के बाद विश्वविद्यालय परिसर को मधुमक्खियों से ऑल क्लियर कराने में विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार धीरेंद्र वर्मा, मुख्य अभियंता मनीष मिश्रा के साथ विश्वविद्यालय प्रशासन एवं छात्र नेता विनीत चपराना, अर्जुन बटार की अहम भूमिका रही।
फोटो कोट्स
चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में मधुमक्खियों के हमले की वजह बाज की हरकत सामने आई। रविवार को मधुमक्खियों के बड़े छत्ते पर बाज पहुंचा। वह जहां शहद जमा होता है, वहां चोंच मार रहा था। उसकी इस हरकत से मधुमक्खियां भिनभिनाकर इधर-उधर उड़ गईं।
विनीत चपराना छात्र नेता
तीन दिनों तक मधुमक्खियों ने सीसीएसयू कैंपस में आंतक मचा रखा था। रविवार को रजिस्ट्रार समेत विवि प्रशासन ने सरछोटू राम कालेज से लेकर विवि कैंपस तक मधुमक्खियों के छत्तों को हटवा दिया। अब चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर मधुमक्खियों से मुक्त हो गया। अब राहत मिलेगी।
डॉ. सुधीर कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।