मेरठ : विवि कैंपस में मधुमक्खियों से दिनभर अफरातफरी, छह छत्ते हटवाए
Meerut News - मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में तीन दिनों तक मधुमक्खियों के हमले से अफरातफरी मची रही। एक बुजुर्ग की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हुए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छत्ते हटाने के लिए टीम बुलाई।...

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को लगातार तीसरे दिन भी मधुमक्खियों के हमले से अफरातफरी मची रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मधुमक्खियों के छत्ते हटवाने के लिए टीम बुलाई। दोपहर में मुख्य गेट बंद कराया और परिसर को खाली कराने के बाद मधुमक्खियों के छत्तों को हटवाया गया। सर छोटू राम इंजीनियरिंग कालेज से लेकर विवि कैंपस तक मधुमक्खियों के छह छत्तों के हटवाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में रविवार सुबह एक बार फिर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। विवि प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों के चलते मधुमक्खियों के छत्ते हटवाने के लिए रजिस्ट्रार धीरेंद्र वर्मा ने निजी टीम को बुलवाया। वन विभाग ने मधुमक्खियों को हटाने से हाथ खड़े कर दिए थे। टीम ने सबसे पहले विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगे मधुमक्खियों के बड़े छत्ते को हटवाया। इसके बाद एक-एक कर परिसर से छह छत्तों को हटवाया गया। जेसीबी बुलवाकर उसका प्रयोग किया। सीसीएसयू के रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार, मुख्य अभियंता मनीष मिश्रा, छात्र नेता विनीत चपराणा, अर्जुन बटार भी रहे।
मधुमक्खियों के हमले में एक मौत, 200 से अधिक हुए घायल :
विश्वविद्यालय परिसर में मधुमक्खियों ने बीते दो दिनों से छात्र-छात्राओं और यहां जाने-जाने वालों को बहुत परेशान किया हुआ था। पिछले दो दिनों से कैंपस में दहशत का माहौल था। मधुमक्खियों के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी और 200 से अधिक मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए। कई घायलों को मेडिकल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा था। रविवार को मधुमक्खियों के छत्ते हटने के बाद राहत मिली।
इनका कहना
विश्वविद्यालय कैंपस और सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में सभी जगह से मधुमक्खियों के छत्ते हटवा दिए गए हैं। विश्वविद्यालय का लक्ष्य मधुमक्खियों को बिना नुकसान पहुंचाए स्थिति सामान्य करना था। कई लोगों ने स्प्रे का विकल्प सुझाया, लेकिन इसमें मधुमक्खियों को बड़ा नुकसान हो सकता था। ऐसे में परंपरागत तरीके से ही मधुमक्खियों को हटाया गया। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए समय रहते कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर में अब स्थिति सामान्य है
- धीरेन्द्र वर्मा, रजिस्ट्रार, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।