छह दिन पूर्व गायब व्यक्ति का यमुना में मिला शव
Mathura News - मथुरा के जमुनापार क्षेत्र से गायब कमल सिंह का शव यमुना में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। कमल 16 फरवरी को काम के लिए निकला था और वापस नहीं आया। पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।...

मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र से छह दिन पूर्व गायब व्यक्ति का यमुना में गुरुवार को शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सदर बाजार पुलिस ने शिनाख्त होने पर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। उसकी हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गांव तैयापुर, लक्ष्मीनगर निवासी कमल सिंह (39) लाइट फिटिंग का काम करता था। वह ऑर्डर आने पर घरों में फिटिंग करता था। 16 फरवरी को सुबह वह काम करने के लिये घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई तो उसकी सभी जगह तलाश की। उसका कहीं पता न चलने पर पत्नी आरती ने थाना जमुनापार में 18 फरवरी को तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक जमुनापार छोटेलाल ने बताया कि पत्नी आरती की तहरीर पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस तलाश कर रही थी। गुरुवार सुबह उसका शव सदर बाजार क्षेत्र में यमुना में मिला। इसकी सूचना मिलने पर कमल सिंह की शिनाख्त मौके पर पहुंचे परिजनों ने की। सदर बाजार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
प्रभारी निरीक्षक जमुनापार छोटे लाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। मौत के सही कारण की जानकारी पीएम रिपोर्ट के बाद हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।