Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़मथुराNothing older than Sanatan CM Yogi Mathura gave gift 1037 crores on Janmashtami

सनातन से पुराना कुछ भी नहीं, मथुरा में बोले सीएम योगी, जन्माष्टमी पर दी 1037 करोड़ की सौगात

  • सात साल पहले का समय याद करिए। तब जवाहरबाग जैसी घटनाएं यूपी की पहचान हुआ करती थीं। अब समय बदल गया है। प्रदेश की जन्माष्टमी, रंगोत्सव से पहचान होने लगी है। ब्रज, आस्था, विश्वास, कला, संस्कृति, प्रेम से पहचाना जाता है।

Dinesh Rathour हिन्दुस्तान, मथुराSun, 25 Aug 2024 05:25 PM
share Share

सात साल पहले का समय याद करिए। तब जवाहरबाग जैसी घटनाएं यूपी की पहचान हुआ करती थीं। अब समय बदल गया है। प्रदेश की जन्माष्टमी, रंगोत्सव से पहचान होने लगी है। ब्रज, आस्था, विश्वास, कला, संस्कृति, प्रेम से पहचाना जाता है। इस लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में एक-एक चीज विरासत के साथ जुड़कर दिख रही है। प्रदेश अब विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आए बदलाव को इन तथ्यों के साथ रखा।

मथुरा के नवनिर्मित पांचजन्य प्रेक्षागृह में श्रीकृष्ण के 5251वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का शुभारंभ और 1037 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के बाद सीएम ने कहा कि अब यूपी की चर्चा अयोध्या में पांच सदी के इंतजार को समाप्त कर रामलला के विराजमान और काशी के कायाकल्प, वैष्णो कुंभ, प्रयागराज कुंभ, तीर्थ धाम और विकास को लेकर चर्चा होती है। अब उत्तर प्रदेश अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश है।

सनातन धर्म और भारत की चुनौतियां एक

सनातन धर्म और भारत की चुनौतियां एक ही हैं। दोनों एक-दूसरे से खुद को अलग नहीं कर सकते। सीएम ने संतों का आह्वान किया कि समाज को एकजुट करने के साथ जुटना होगा। यदि हमने भूल की, समाज फिर से बंटा और जो साजिशें हो रही हैं, वह सफल हुईं तो हालात खराब होंगे। शास्त्र, दर्शन, साधना पद्धति तभी सुरक्षित हो पाएगी, जब सनातन धर्म, देश व हिंदू समाज सुरक्षित होगा। हमें एक-एक को जोड़ना पड़ेगा और उन विभाजनकारी ताकतों को बेनकाब करना होगा, जो वादों के आधार पर समाज को बांटना चाहती हैं।

सनातन से पुराना कुछ भी नहीं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरी दुनिया के लोगों में इस भूमि के प्रति अथाह आकर्षण है। जो समृद्ध थाती आपके पास है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उसी विकास व विरासत की बात करते हैं। हम भगवान श्रीकृष्ण का5251वां जन्मदिवस मनाने जा रहे हैं। दुनिया में कोई ऐसा देश, मत-मजहब, संप्रदाय नहीं ऐसा है जो कह सकता है कि उसकी उत्पत्ति इतनी पुरानी है। किसी का इतिहास 1400, 2000, 2700, 3000 वर्ष का होगा। इससे पुराना कोई मत, मजहब-संप्रदाय नहीं है। उससे पहले क्या था, कुछ भी पता नहीं, इसलिए हम कहते हैं कि धऱती का एक ही धर्म सनातन धर्म है। द्वापर के तत्काल बाद कलियुग आ गया। द्वापर के अंत में लंबे समय तक प्रभु की लीला का अहसास प्राप्त हुआ था। अब कलियुग में इतने वर्ष आगे बढ़ चुके हैं। उससे पहले त्रेता व सतयुग रहा होगा यानी हमारे पास लंबी विरासत है। इसे पूज्य संतों व इनकी विरासत ने संभालकर रखा है। आज भी धार्मिक आयोजनों के माध्यम से विरासत, कथा, भोजपत्रों, पांडुलिपियों, गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से संरक्षण का कार्य किया है।

राष्ट्र के लिए हर बलिदान देने को तैयार

सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए राष्ट्र की कीमत पर राजनीति अभिष्ट हो गई, लेकिन हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। राष्ट्र की कीमत पर राजनीति नहीं होगी। हम पहले राष्ट्र को चुनेंगे और उसके लिए हर बलिदान को तैयार रहेंगे।

फिलिस्तीन पर बोलने वाले बांग्लादेश पर मौन

जो लोग दुनिया के अंदर हर मुद्दे पर मुखर होते हैं, उन सबके मुंह बांग्लादेश की घटना पर बंद हैं, क्योंकि उन्हें वोट बैंक खिसकने का भय है। पैरों के नीचे की जमीन की चिंता है। उन्हें अंगारे जलते दिखेंगे। इन लोगों को फिलीस्तीन दिखता है, लेकिन बांग्लादेश नहीं, क्योंकि वहां मंदिर तोड़े जा रहे हैं और हिंदुओं को मारा जा रहा है। संतों पर अत्याचार हो रहा है। सीएम ने कहा कि 1947 के पहले बांग्लादेश भी भारत का हिस्सा था। 1971 में बांग्लादेश को बचाने में हमारे हजारों सैनिकों ने बलिदान दिया था। पाकिस्तान के 95 हजार सैनिकों को भारत के बहादुर जवानों के सामने समर्पण करना पड़ा था। विश्व के इतिहास में किसी भी सेना की यह सबसे बड़ी विजय थी।

178 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर 1037 करोड़ की 178 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास भी किया। सीएम ने फिल्म अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी के भजन एल्बम तथा उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संकलित मीरा ग्रंथ का विमोचन भी किया। सीएम ने बटन दबाकर बरसाना के राधा रानी मंदिर के रोपवे, यमुना में पीपीपी मोड पर क्रूज, पांचजन्य प्रेक्षागृह का शुभारंभ किया।

सीएम ने लोकार्पण में गिनाए सम्मान के भाव

सीएम ने कहा कि ब्रज की पहचान आस्था, विश्वास, कला, संस्कृति, प्रेम से होती है। आज के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में एक-एक चीज विरासत के साथ जुड़कर दिख रही है। कहा कि पांचजन्य प्रेक्षागृह में एक हजार दर्शक एक साथ आ जाएंगे। शहीद लक्ष्मण स्मारक भवन भारत की विरासत, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करने का मंच है। कुसुम सरोवर के पुनरोद्धार कर लाउट-साउंड से जोड़ने का कार्य हो रहा है। रोपवे का कार्य राधा रानी मंदिर बरसाना में शुरू हुआ है। गोवर्धन की तहसील भवन का लोकार्पण हो रहा है। हम लोग 45 करोड़ रुपये से वासुदेव वाटिका का निर्माण करने जा रहे हैं। बरसाना में पर्यटन सुविधा केंद्र स्वीकृत हुआ है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें