Operation Sindoor s Success Boosts National Pride and Unity in India बोले मैनपुरी: हिन्दुस्तान की आन-बान और शान है तिरंगा, झुकने नहीं देंगे, Mainpuri Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMainpuri NewsOperation Sindoor s Success Boosts National Pride and Unity in India

बोले मैनपुरी: हिन्दुस्तान की आन-बान और शान है तिरंगा, झुकने नहीं देंगे

Mainpuri News - मैनपुरी। ऑपरेशन सिंदूर की अपार सफलता से पूरे देश के साथ मैनपुरी के लोग भी गदगद है।

Newswrap हिन्दुस्तान, मैनपुरीMon, 19 May 2025 10:33 PM
share Share
Follow Us on
बोले मैनपुरी: हिन्दुस्तान की आन-बान और शान है तिरंगा, झुकने नहीं देंगे

ऑपरेशन सिंदूर की अपार सफलता से पूरे देश के साथ मैनपुरी के लोग भी गदगद है। लोगों ने सेना के शौर्य और साहस की जमकर सराहना की है। लोग अब यह भी चाहते हैं कि भारत पाकिस्तान की सीमा हो या भारत चीन की। या फिर भारत बांग्लादेश की सीमा। सीमा पार की ओर से भारत की तरफ से जो भी बुरी नजर से देख उसकी आंखों में इतना खौफ भर दिया जाए कि सीमा पार से आतंकवाद जैसी घटनाएं अंजाम देने से पहले आतंकवादी हजार बार यह जरूर सोचें कि भारत ने जवाब दिया तो उसका परिणाम क्या होगा। भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद तिरंगा यात्रा निकाली तो शहर भवन में लोगों ने उसका स्वागत किया।

इस दौरान लोगों ने हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद में अपनी राय रखी और कहा कि यह देश साहस की गाथा की लाखों कहानियों से जुड़ा है। पहलगाम पर हुए हमले की घटना के बाद ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने भारत की धमक पूरी दुनिया में फैला दी है। भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध के कुछ ही दिनों में अमेरिका जैसे देश को बीच में आना पड़ा और उसने पाकिस्तान को यह समझाया कि भारत के साथ युद्ध करके वह पछताएगा। उसका अस्तित्व खत्म हो जाएगा। भारत की सेना की कार्रवाई से पाकिस्तान इतना डर गया कि उसने सीजफायर के लिए भारत के सामने घुटने टेक दिए।

भारत की सेना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पड़ोसी मुल्क अभी इतने मजबूत नहीं है कि वह भारत की तरफ बुरी आंख से देखें। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए यह संदेश दिया गया कि फिर इस तरह की हिमाकत की गई तो भारत की सेना हथियार उठाकर दुश्मनों को ऐसा जवाब देगी कि उसके अस्तित्व पर ही सवाल खड़े हो जाएंगे। प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तिरंगा यात्रा के दौरान हुए संवाद में कहा कि भारत की सेना के शौर्य और साहस को पूरी दुनिया ने देखा है। विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने भी सेना के साहस की सराहना की और कहा कि देश अब मजबूत हाथों में है। अब विदेशी भारत का कुछ भी नहीं बिगाड़ सकते।

मैनपुरी के लोगों का यह भी कहना है कि तिरंगा यात्रा निकालने से ही काम नहीं चलेगा। बल्कि सामाजिक एकता भी दिखानी पड़ेगी। लोग जाति और धर्म के फेर में पड़कर एक दूसरे से दूरी बना रहे हैं। यह देश के लिए उचित नहीं है। इसका फायदा दुश्मन उठाते हैं। आजकल जमाना सोशल मीडिया का है। सोशल मीडिया पर उन लोगों से दूरी बनाएं जो सामाजिक बिखराव को बढ़ावा देते हैं। यह तभी संभव है जब हम देश की बात करेंगे और हिंदुस्तानी बनकर देश के लिए हर समय तैयार रहेंगे। भारत को सशक्त राष्ट्र बनाना है। यह तभी संभव है, जब हम एकजुट होकर देश के लिए काम करेंगे।

बोले लोग

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर ने युवाओं में भी जोश भर दिया है। वह भी सीमा पर जाकर देश की सेवा करने के लिए उत्सुक हैं। बस जल्दी उन्हें सरकार मौका दे।

-ममता राजपूत, जिलाध्यक्ष

जनपद की महिलाओं ने भी ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ की है। उनका कहना है कि यदि सरकार उन्हें इस कार्य के लिए अवसर दे तो वह सीमा पर जाकर दुश्मनों का सफाया कर सकती हैं।

-आलोक गुप्ता, उपाध्यक्ष ब्रज क्षेत्र

आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एक है। हम सभी के लिए देश से बढ़कर कुछ नहीं है। भारतीय सेना, वायु सेना और थल सेना ने देश का मान बढ़ाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया है। जिसकी प्रशंसा पूरे देश में हो रही है।

-संगीता गुप्ता, चेयरमैन

आतंकवाद के खिलाफ हुई कार्रवाई से पूरे देश में भारतीय सेना का डंका बज गया है। देश व विदेश के लोग चाहते हैं कि भारत ने जो ऑपरेशन चलाकर कार्रवाई की है वह बिल्कुल सही है। देश के हित में लिए गए फैसलों में जनता उनके साथ है।

-भूपेंद्र यादव

ऑपरेशन सिंदूर सफल हुआ तो भारत माता के जयकारे लगाकर लोग जश्न मना रहे हैं। सरकार और भारतीय सेना पर जनता का भरोसा बढ़ता जा रहा है। सफल ऑपरेशन साबित कर रहा है कि हर मुसीबत में भारत को कोई टक्कर देने वाला नहीं है।

-आदित्य चौहान

ऑपरेशन सिंदूर सफल होने के बाद प्रदेश के सभी जनपदों की गलियों में शहीदों की सहादत पर तिरंगा यात्रा में सभी प्रतिनिधि आम जनता से ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए लोगों को याद करेंगे। सेना के साहस को हर भारतीय सलाम करता है।

-अरुण प्रताप

तिरंगा यात्रा के साथ निकालने के साथ महिलाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के सफल होने का भी जश्न मनाया। अभियान में महिलाओं ने हाथों में सिंदूर लेकर भारतीय सेना जिंदाबाद पाकिस्तान के मुर्दाबाद के नारे लगाए।

-अनूप मिश्रा

भारतीय सेना ने हर बार दुश्मनों के छक्के छुड़ाए हैं। पाकिस्तान को हर युद्ध में करारी हार मिली है। मगर इस बार भारतीय सेना ने पाकिस्तान को रात के अंधेरे में ऑपरेशन चलाकर दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दिया है।

-अशोक सिंह चौहान, पूर्व विधायक

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।