Hindi NewsUttar-pradesh NewsMaharajganj NewsTragic Death of Woman During Childbirth Sparks Outrage in Maharajganj Hospital

प्रसव के दौरान महिला की मौत, लापरवाही का आरोप लगा किया हंगामा

Maharajganj News - महराजगंज के धानी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर प्रसव के दौरान महिला अंजू यादव की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सा कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा किया। डॉक्टरों ने कहा कि महिला की हालत...

Newswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंजThu, 8 May 2025 05:57 PM
share Share
Follow Us on
प्रसव के दौरान महिला की मौत, लापरवाही का आरोप लगा किया हंगामा

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। धानी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन चिकित्सा कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिए। किसी तरह मामले को शांत किया गया और पुलिस ने मामले को संभाला। बाद में सीएमओ भी अस्पताल पहुंचे और मामले को लेकर पूछताछ की। बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम बरगाहपुर टोला जोतपुर निवासी रामसुभग यादव अपने परिजनों के साथ बहू अंजू यादव (26) को प्रसव पीड़ा होने के बाद लेकर धानी सीएचसी पहुंचा। गुरुवार की सुबह छह बजे महिला को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे और महिला को चिकित्सा कर्मी प्रसव कक्ष में ले गए।

प्रसव कक्ष में महिला अंजू ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी और स्वास्थ्य कर्मी उसे रेफर करने लगे। लेकिन इसी बीच अंजू की मौत हो गई। अंजू के ससुर रामसुभग का आरोप है कि उनकी बहू की हालत बिगड़ने लगी तो उस समय कोई डॉक्टर या स्टाफ नर्स मौजूद नहीं थी। इससे उसकी हालत खराब होती चली गयी। परिजनों का कहना है कि हालत खराब होने के बाद कोई स्वास्थ कर्मी मौके पर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बुलाकर लाना पड़ा। परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कह रहे थे कि हालत ज्यादा खराब हो गई तो आनन-फानन में उसे रेफर किया जाने लगा। लेकिन रेफर करने से पहले ही अंजू की मौत हो चुकी थी। इसके बाद भी जबरन रेफर किया जा रहा था। इसी से नाराज परिजन अस्पताल में हंगामा करने लगे। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अंजू का पति जितेन्द्र बाहर रहकर मजदूरी करता है। अंजू को एक बेटा भी है। इस संबंध में मौके पर तैनात चिकित्सक डॉ. अखिलेश ने बताया कि जब प्रसूता को लाया गया था तो उसकी हालात ठीक नहीं थी। उसकी हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर प्रसव कराया गया। प्रसव के करीब दो घंटे बाद जब उसकी हालत गंभीर दिखी तो उसे रेफर कर दिया गया। वहीं एसओ बृजमनगंज सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर आगे की कार्रवाई हो रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई होगी। धानी सीएसची अधीक्षक डॉ. प्रकाश चन्द्र चौधरी ने बताया कि प्रसव कक्ष में 24 घंटे की ड्यूटी रहती है। एक स्टाफ नर्स को 8 घंटे के लिए लगाया जाता है। महिला अंजू के प्रसव के दौरान स्टाफ नर्स अनीता सिंह मौजूद थीं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें