महराजगंज के तीन मेधावियों ने प्रदेश सूची में बनाई जगह
Maharajganj News - यूपी बोर्ड परीक्षा में महराजगंज के तीन मेधावी छात्रों ने प्रदेश सूची में उच्च स्थान प्राप्त किया है। अभिषेक मद्धेशिया ने इंटरमीडिएट में सातवां स्थान और दीपशिखा तथा अनुपमा सिंह ने हाईस्कूल में संयुक्त...
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। यूपी बोर्ड परीक्षा में महराजगंज के तीन मेधावियों ने अपना डंका बजाया है। इन तीनों मेधावियों का नाम इंटरमीडिएट व हाईस्कूल में प्रदेश सूची में शामिल हैं। इंटरमीडिएट में जहां रामहर्ष इंटर कालेज के अभिषेक मद्धेशिया ने प्रदेश सूची में सातवां स्थान हासिल किया है। वहीं हाईस्कूल की सूची में दलसिंगार इंटर कालेज मंसूरगंज महराजगंज की दीपशिखा और श्रीमती कौशिल्या देवी इंटर कालेज चौमुखा की अनुपमा सिंह संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर हैं। इंटरमीडिएट परीक्षा में अभिषेक ने जहां गोरखपुर-बस्ती मंडल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, वहीं हाईस्कूल में इन दोनों मेधावी छात्राओं के साथ देवरिया की प्रीति कुशवाहा का नाम भी आठवें नंबर पर है।
यह है इंटर का मेधावी अभिषेक
यूपी बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट में रामहर्ष इंटर कॉलेज निचलौल के छात्र अभिषेक मद्धेशिया ने प्रदेश में सातवां, मंडल और जिले में पहला स्थान हासिल किया है। उसने 500 अंक में 478 अंक यानी 95.60 प्रतिशत हासिल किया है। इंटर में उसका गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान मुख्य विषय रहा है। वह आगे बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद केंद्रीय सेवा में जाने के लिए एसएससी स्नातक स्तर की परीक्षाओं की तैयारी करने का लक्ष्य बनाया है। वह निचलौल के ओबरी गांव का रहने वाला है।
ये हैं हाईस्कूल की टॉपर मेधावी
दीपशिखा
दलसिंगार इंटर कालेज रतनपुरवा मंसूरगंज पनियरा की छात्रा दीपशिखा ने हाई स्कूल में प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वह आगे यूपीएससी की तैयारी करना चाहती है। उसका पसंदीदा विषय साइंस है। उसने 600 में 580 यानी 96.67 प्रतिशत अंक हासिल किया है। उसके पिता धर्मेंद्र कुमार गुप्ता दिल्ली में रहकर पेंट पालिस का काम करते हैं। वह अभी दिल्ली में हैं। माता शकुंतला देवी गृहिणी हैं। उसकी दो बड़ी बहनें दिव्या व प्रिया है। दिव्या मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में डीएम एलटी करती है। जबकि प्रिया अभी इंटर में है। एक छोटा भाई आर्यन अभी तीसरी कक्षा में है। पिता के पास केवल बीस डिस्मिल खेती है। वह बाहर पेंट पालिस कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
अनुपमा सिंह
श्रीमती कौशिल्या देवी इंटर कालेज चौमुखा जखिरा की अनुपमा सिंह ने हाईस्कूल में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। उसने 600 में 580 यानी 96.67 प्रतिशत अंक हासिल किया है। घुघली के ग्राम सभा हरखी के निपनिया टोला की अनुपमा के पिता महावीर सिंह किसान हैं। सामान्य परिवार खेती-किसानी पर ही निर्भर है। माता रुक्मिणी देवी गृहिणी हैं। एक भाई कुणाण सिंह कक्षा नौ में पढ़ता है। पढ़ाई में शुरू से मेधावी अनुपमा सिंह आगे चलकर सिविल सेवा में आना चाहती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।