जिले में चार स्थानों पर बनेगा होमियोपैथ चिकित्सालय
Maharajganj News - महराजगंज में होमियोपैथी चिकित्सा के लिए चार अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा। शासन ने जगह चिन्हित करने के बाद बजट भी स्वीकृत कर दिया है। घुघली, बृजमनगंज, चिउटहा और बारगाहपुर में अस्पताल बनेंगे। इससे...

महराजगंज, निज संवाददाता। जिले में होमियोपैथी चिकित्सा इंतजाम का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए शासन स्तर से पहल शुरू हुई है। जिले में चार स्थानों पर होमियोपैथ चिकित्सालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जगह चिन्हित होने के बाद शासन से कार्यदायी संस्था को स्वीकृत बजट भी आवंटित कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था जल्द ही चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू कराएगी। जिला होमियोपैथ चिकित्सा विभाग के अनुसार घुघली, बृजमनगंज, चिउटहा व बारगाहपुर में होमियोपैथ चिकित्सालय भवन का निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। तीस-तीस लाख की लागत से चिकित्सालय बनेगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस का चयन हुआ है। भवन निर्माण के लिए किश्त कार्यदायी संस्था को आवंटित की जा चुकी है। इन चारों क्षेत्रों में होमियौपथ चिकित्सालय बन जाने से लोगों को मर्ज का इलाज कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
बारगाहपुर में भूमि के विवाद को विभाग ने सुलझाया
फरेंदा क्षेत्र के बारगाहपुर में होमियोपैथ चिकित्सालय के लिए जिला प्रशासन ने 320 स्क्वायर मीटर भूमि का आवंटन किया है। तीस लाख रूपये की लागत से चिकित्सालय बनेगा। यहां कुल 0.498 हेक्टेयर भूमि है। यहां कस्तूरबा विद्यालय निर्माण के लिए भी कार्यदायी संस्था प्रयास कर रही थी। होमियोपैथ चिकित्सालय के लिए भूमि कम पड़ने का हवाला दिया जा रहा था। मामला संज्ञान में आने के बाद होमियोपैथ विभाग के जिम्मेदार मौके पर पहुंचे। बताया कि चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटित है। मापजोख के बाद गतिरोध को विभाग ने दूर करा दिया। अब वहां होमियोपैथ चिकित्सालय के निर्माण की राह आसान हो गई है।
जिला होमियोपैथ अधिकारी डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने कहा, जिले स्तर से प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। स्वीकृति मिल चुकी है। प्रशासन ने चिकित्सालय के लिए भूमि का भी आवंटन कर दिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था को दिशा निर्देश जारी किया गया है। यह चारों चिकित्सालय बन जाने से होमियोपैथ चिकित्सा के लिए लोगों को दूर नहीं जाना होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।