नमामि गंगे के अधिशासी निदेशक बृजराज समेत छह आईएएस हटाए गए
Lucknow News - उत्तर प्रदेश सरकार ने नमामि गंगे योजना के अधिशासी निदेशक ब्रजराज सिंह यादव सहित छह आईएएस अधिकारियों का तबादला किया। लखीमपुर खीरी में पानी की टंकी के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण ब्रजराज को...

लखनऊ, विशेष संवाददाता राज्य सरकार ने नमामि गंगे योजना के अधिशासी निदेशक व विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा ब्रजराज सिंह यादव समेत छह आईएएस अधिकारियों का रविवार को तबादला कर दिया। ब्रजराज सिंह यादव राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है। ब्रजराज सिंह के पास नमामि गंगे के अधिशासी निदेशक का भी पदभार था। माना जा रहा है कि उन्हें लखीमपुरखीरी में पानी की टंकी के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के कारण उन्हें हटाया गया है। राज्य सरकार ने छह आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। इसी तरह अविनाश कृष्ण सिंह महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा को सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
ए. दिनेश कुमार विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा से विशेष सचिव गृह बनाए गए हैं। विनोद कुमार नगर आयुक्त अलीगढ़ से विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा, प्रेम प्रकाश मीणा मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव से नगर आयुक्त अलीगढ़ और कृति राज संयुक्त मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद से मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव बनाई गई हैं। लखीमपुर खीरी में 27 अप्रैल को निर्माणाधीन पानी की टंकी गिर गई थी। इसमें गुणवत्ता को लेकर आरोप लगे थे। शासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया था और मुख्यमंत्री की सख्त नाराज़गी के बाद जांच कमेटी गठित की गई थी। साथ ही अधिशासी अभियंता और ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में अब रविवार को नमामि गंगे परियोजना के अधिशासी निदेशक ब्रजराज सिंह यादव को हटा दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।