स्व. अच्छेलाल वाल्मीकि पदचिन्हों पर चलकर आगे बढ़ रहा समाज
Lucknow News - लखनऊ में अच्छेलाल वाल्मीकि की 11वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और भंडारे का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज के स्वास्थ्य की जांच की मांग उठाई। संगठनों ने सफाई...

लखनऊ, संवाददाता। परिवर्तन चौक स्थित अच्छेलाल वाल्मीकि सामाजिक चेतना वाटिका में पूर्व सांसद, पूर्व विधान परिषद सदस्य स्व. अच्छेलाल वाल्मीकि की 11वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा व भंडारे का आयोजन हुआ। यहां अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ और ऑल इंडिया वाल्मीकि महासभा के संस्थापक स्व. अच्छेलाल वाल्मीकि के योगदानों को याद किया गया। लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर भंडारा ग्रहण किया। साथ ही सफाई कामगारों के स्वास्थ्य जांच की मांग उठी। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्व. अच्छेलाल वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. अच्छेलाल ने वाल्मीकि समाज को आगे बढ़ाया। आज उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज आगे बढ़ रहा है।
ऑल इंडिया वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल कुमार वाल्मीकि ने कहा कि स्व. अच्छेलाल हमेशा सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते थे। हम उनके बताए रास्ते पर चलने का भरपूर प्रयास करेंगे। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कमल वाल्मीकि ने प्रशासनिक कार्यों में बाल्मीकि समाज के भागीदारी की मांग की। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नरेश वाल्मीकि, ऋषि कुमार वाल्मीकि, बृजेश चौधरी, पार्षद रंजीत सिंह, अधिवक्ता अनिल कुमार आदि ने श्रद्धांजलि दी। सफाई कामगारो के स्वास्थ्य जांच की मांग उठी यहां लोगों ने प्रदेश के सफाई कामगारो के स्वास्थ्य की नियमित जांच की मांग उठाई। सफाई कर्मचारी नेता रहे स्व. अच्छेलाल वाल्मीकि की पुण्यतिथि पर संगठनों ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सफाई कामगारो के स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए मांग पत्र सौंपा। संगठनों के लोगों का कहना है कि रोज गंदगी, कूड़ा-करकट से जूझने वाले सफाई कामगार ज्यादातर पूरी तरह स्वस्थ नहीं होते। घातक बीमारियों की चपेट में रहने के बावजूद अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत नहीं रहते। आर्थिक संकट के चलते अपना महंगा इलाज भी नहीं करा पाते। इसके मद्देनजर सामाजिक सरोकार फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ की ओर से उप मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।